रंजिश में युवक पर झोंका फायर, पुलिस बता रही ड्रामा Rampur news
घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामपुर, जेएनएन। मसवासी चौकी क्षेत्र के गांव बिजारखाता में दो पक्षों में रंजिश चल रही है। गुरुवार सुबह एक पक्ष ने युवक पर फायर झोंक दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी मेहंदी हसन पुत्र नबी हुसैन अपने घर में पर चारपाई पर लेटा हुआ था। रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाले भाइयों ने मिलकर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मेहंदी हसन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मेहंदी हसन को स्वार में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे रामपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। मामले की सूचना पाकर कार्यवाहक चौकी प्रभारी राजपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में स्वार सीओ विद्याकिशोर शर्मा और कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों से मामले की जानकारी हासिल की। प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि घटना महज एक ड्रामा है। दो दिन पूर्व पहले पक्ष के द्वारा स्वार कोतवाली में मेहंदी हसन के भाई के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले को दूसरा रूप देने के उद्देश्य से मेहंदी हसन ने दूसरे पक्ष पर गोली चलाए जाने का आरोप लगाते हुए ड्रामा किया है। जांच पड़ताल में मेहंदी हसन के ही घर से गेहूं की बोरी से 12 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।