फिल्म अभिनेता रजा मुराद बोले-एसिड अटैक करने वालों को मिले मौत की सजा Rampur News
रामपुर महोत्सव में शिरकत करने आए अभिनेता रजा मुराद ने मीडिया से की बात। एसिड अटैक पर खुलकर रखी अपनी बात।
रामपुर, जेएनएन। फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि एसिड अटैक करना जघन्य अपराध है। ऐसे अपराधियों को सजा ए मौत दी जाए। कम से कम ता उम्र सजा तो मिलनी ही चाहिए। उन्होंने दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक का विरोध करने को गलत बताया। कहा कि यह फिल्म एसिड एटैक को लेकर बनी है। इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा। इसका तो किसी भी हाल में विरोध नहीं होना चाहिए।
रामपुर महोत्सव में आए थे रजा मुराद
फिल्म अभिनेता रामपुर महोत्सव में शामिल होने के लिए आए थे। शुक्रवार को उन्होंने मीडिया से बात की। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेेश यादव ने लखनऊ में पूरा सिनेमा हॉल बुक करके सपाइयों को दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक दिखाई है। इस पर रजा मुराद बोले, यह अच्छी बात है। फिल्म अच्छी नीयत से बनाई गई है। किस तरीके से लड़कियों पर एसिड अटैक किया जाता है। ङ्क्षहदुस्तान में क्या दुनिया में कोई ऐसा इलाज नहीं है, जिससे वह सौ प्रतिशत सही हो सके। जख्म चले जाते हैं, फिर भी कुछ घाव रह जाते हैं। घाव सिर्फ चेहरे पर नहीं, बल्कि दिल और दिमाग पर भी रह जाते हैं। एसिड अटैक उसेे जीते जी मार देता है।
छपाक की फिल्म की कहानी है अच्छी
रजा मुराद का कहना है कि छपाक फिल्म की कहानी काफी अच्छी है। इसका विरोध नहीं होना चाहिए। इस विषय पर फिल्म बनाना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। ऐसी फिल्म को देखना चाहिए, मैं भी देखूंगा और परिवार के सदस्यों को भी दिखाऊंगा। फिल्म का विरोध करने से सरकार को भी घाटा होता है, क्योंकि मनोरंजन कर सरकार को ही जाता है। अगर दीपिका पादुकोण छात्रों से हमदर्दी जताने के लिए जेएनयू गईं तो इसमें बुराई क्या है। इसे लेकर उनकी फिल्म का विरोध नहीं होना चाहिए।