पार्षद उपचुनाव में मारपीट व लाठीचार्ज, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष समेत आठ पर रिपोर्ट Moradabad news
महानगर में पार्षद के साथ ही कांठ नगर पंचायत में एक सभासद की सीट के लिए भी उपचुनाव हुआ लेकिन वहां पूरी तरह शांति रही।
मुरादाबाद, जेएनएन। महानगर के वार्ड नंबर 37 के उपचुनाव में मतदान के दौरान मारपीट हो गई। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मारपीट में घायल भाजपा कार्यकर्ता के पिता की तहरीर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रिजवान कुरैशी सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। महापौर विनोद अग्रवाल, प्रत्याशी समेत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी गई है।
लाइनपार स्थित मतदान केंद्र पर हुआ विवाद
महानगर में लाइनपार स्थित शांति देवी मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर एक बजे मतदान को लेकर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा वीडियो बनाने पर भाजपा समर्थकों ने मारपीट कर दी। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मारपीट में घायल भाजपा कार्यकर्ता बंटी निवासी रामेश्वर कालोनी मझोला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घायल के पिता भुजेंद्र की तहरीर पर मझोला थाने में प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह, महानगर अध्यक्ष रिजवान कुरैशी, कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अनुराग शर्मा, अतुल शर्मा समेत छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। वहीं कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बूथ पर मतदाताओं को वोट नहीं डालने और मारपीट करने पर महापौर विनोद अग्रवाल और भाजपा प्रत्याशी सहित अन्य कई के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि एक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। जांच के दौरान जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
एडीएम वित्त बोलीं, नहीं हुआ कहीं विवाद
महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि मतदान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह कुछ अधिक था। इसको लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई थी। वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रीति जायसवाल ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। मतगणना 16 जनवरी को होगी।