एक जनवरी से टोल प्लाजा की सभी लेन होंगी फास्टैग, मुरादाबाद में दोगुनी वसूली शुरू
Toll plaza lane fastag एक जनवरी से टोल प्लाजा की सभी लेन हो जाएंगी फास्टैग। फास्टैग न होने और दोगुनी वसूली से यात्रियों को हो रही है परेशानी। टोल प्रबंधन ने रिटर्न का टोल काटने की कार्रवाई भी बंद कर दी है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Toll plaza lane fastag। बरेली-मुरादाबाद एक्सप्रेस-वे में शुक्रवार से बिना फास्टैग वाले वाहनों से दोगुना वसूली की कार्रवाई शुरू हो गई। इस कार्रवाई के शुरू होने से यात्रियों से टोल कर्मियों का विवाद भी हुआ। इसके कारण जाम की स्थिति बनी रही। टोल प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार एक जनवरी 2021 से टोल प्लाजा की सभी लेन से केवल फास्टैग लगे वाहन ही गुजरेंगे। बिना फास्टैग वाले वाहनों से दोगुना पैसे वसूलने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
बरेली से मुरादाबाद तक लगभग 128 किलोमीटर की दूरी पर दो टोल प्लाजा स्थित है। इन दोनों टोल प्लाजा पर शुक्रवार से बिना फास्टैग लगे वाहनों से दोगुना टोल की वसूलने की कार्रवाई शुरू हो गई। इस दौरान जब बिना फास्टैग वाले वाहनों से दोगुना पैसे मांगे गए तो वह झगड़ा करने लगे। ऐसे में टोल प्रबंधन के अधिकारियों ने वाहन संचालकों से बातचीत करके नियमों की जानकारी देने का काम किया। इस दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें भी लगती रही। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रिटर्न रसीद को बंद किया
टोल प्रबंधन ने रिटर्न का टोल काटने की कार्रवाई भी बंद कर दी है। 24 घंटे में रिटर्न की रसीद लेने पर 20 फीसद तक टोल में छूट मिल जाती थी। लेकिन अब इस सेवा को भी बंद कर दिया है। वाहन चालकों को केवल सिंगल पर्ची ही दी जा रही है। हालांकि पहले अगर कोई 24 घंटे में वापस आता था,तो उस वाहन चालक को रिटर्न का लाभ मिलता था,लेकिन इस सेवा को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है। मुरादाबाद टोल प्लाजा में एक तरफ जाने पर 125 रुपये चार पहिया वाहन का वसूला जाता है। जबकि बरेली में इससे ज्यादा चार्ज वसूलने की कार्रवाई की जाती है।
फास्टैग लगे वाहनों में हो रही दिक्कत
टोल प्लाजा में जिन वाहनों में फास्टैग लगा है,उन वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टोल प्लाजा के साफ्टवेयर में खराबी के कारण भी वाहन में लगी चिप स्कैन करने में लंबा वक्त लग रहा है। इससे भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब इस संबंध में टोल प्रबंधन से बात की गई,तो उन्होंने कहा कि यह मामला बैंक से जुड़ा है। इस मामले में हम कुछ नहीं कह सकते हैं। क्योंकि चिप देने का काम टोल प्रबंधन के द्वारा किया जा रहा है।
एक जनवरी 2021 से टोल प्लाजा में बिना फास्टैग के कोई भी वाहन नहीं गुजर पाएगा। अभी तक दो लेन में बिना फास्टैग वाहनों के लिए आरक्षित की गई है। इसके साथ ही रिटर्न पर्ची का लाभ भी वाहन चालकों को नहीं मिलेगा। सड़क परिवहन मंत्रालय के नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रेम वल्लभ चमोली,टोल मैनेजर,मूढ़ापांडे टोल प्लान