शादी के जश्न में डूबा था परिवार, छत से गिर गया दुल्हन का भाई Sambhal News
मैरिज हॉल की छत से बच्चों को नीचे उतारने के दौरान हादसा। शादी की खुशियां गम में तब्दील बगैर खाना खाए लौटते बराती।
सम्भल, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र में शादी के दौरान एक मैरिज होम की छत से दुल्हन का भाई गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत होने से शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
यह है पूरा मामला
नगर के मोहल्ला लक्ष्मणगंज निवासी युनूस की बेटी रुखसी की शनिवार को शादी थी। समारोह मुहल्ले में ही एक मैरिज होम में था। दोपहर लगभग दो बजे अलीगढ़ के मुहल्ला अप्सरा टाकीज से बरात चन्दौसी आई थी। दुल्हन का भाई शाने आलम उर्फ बाबू रिश्तेदारों के स्वागत करने में लगा हुआ था। इसी दौरान उसकी नजर मैरिज होम के छत पर चढ़ रहे बच्चों पर पड़ी तो वह छत पर पहुंच गया। छत का एक हिस्सा खुला हुआ था जिस पर मेट पड़ी थी। मेट पर पैर रखते ही वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आवाज सुनकर लोगों का ध्यान गया। आनन-फानन में परिजन उसको शहर के निजी अस्पताल में लेकर आए। जहां से डॉक्टरों ने उसको मुरादाबाद रेफर कर दिया। डॉक्टर ने देखते ही शाने आलम उर्फ बाबू (30) को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जहां शादियां की खुशी मनाई जा रही थीं, वहां पर हर किसी के आंख से आंसू थे। वहीं बराती भी हादसे के बाद बिना खाना खाए वापस लौट गए।
दोनों परिवार के लोग मायूस
शादी से जहां दुल्हन और दुल्हन पक्ष के लोग काफी खुश दिखाई दे रहे थे वहीं अब दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की जुबान पर इस हादसे की चर्चा हो रही है।