परिवार खेत में, घर पर खाना बना रही थी युवती, कातिल आया और गला रेतकर चला गया
घर में अकेली युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने कई सवाल छोड़ रखे हैं इनमें से खास यह है कि वारदात के दौरान युवती ने कोई विरोध नहीं किया। पुलिस को इस घटना में कई सवालों के जवाब तलाशने हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। कटघर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम 22 वर्षीय एक युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतका का खून से लथपथ शव उसके घर के एक कमरे से बरामद हुआ। शव कब्जे में लेकर पुलिस हत्या के कारण और कातिल की तलाश में जुट गई है।
कटघर थाना क्षेत्र के मछरिया गांव में रहने वाले विष्णु सैनी पेशे से किसान हैं। विष्णु के मुताबिक वह आठ बच्चों के पिता हैं। बुधवार को दिन में वह सपरिवार खेत में काम करने के लिए निकले थे। जबकि उनकी 22 वर्षीय बेटी पूजा परिवार के सदस्यों का खाना बनाने के लिए दोपहर बाद करीब 3:30 बजे भाई के साथ घर लौट आई थी। बहन को घर पर छोड़कर भाई मनीष दोबारा खेत पर चला गया। देर शाम करीब 6:00 बजे छोटी बहन पूनम आवाज लगाते हुए घर में घुसी। इस पर कोई जवाब नहीं आया। बड़ी बहन की तलाश करते हुए वह छत पर गई। पूजा वहां भी नहीं मिली। पूनम को लगा कि बड़ी बहन घर के कमरे में है। इसके बाद वह आवाज लगाते हुए कमरे में दाखिल हुई तो जमीन पर ही पूजा का शव पड़ा हुआ था। इस पर वह चीखने और चिल्लाने लगी। पूजा का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा मिला। घटना की सूचना पहले पड़ोसियों को दी फिर खेत पर मौजूद परिवार वालों को। इस घटना से ग्रामीण भी अवाक हैं। घटना की जानकारी तत्काल कटघर पुलिस को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। स्वजनों व ग्रामीणों की मदद से पुलिस हत्यारे की तलाश में जुट गई।