योगी-मोदी रसोई को लेकर भाजपा में गुटबाजी,मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला Moradabad News
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में सरकारी राशन वितरण धांधली के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी की दो गुटों में बंटी हुई दिखाई दे रही है। मामला सीएम तक जा पहुंचा है।
मुरादाबाद,जेएनएन। ठाकुरद्वारा में सरकारी राशन वितरण धांधली के मामले को लेकर भाजपा दो गुटों में बंट गई है। मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक जा पहुंचा है। ठाकुरद्वारा में योग- मोदी रसोई को लेकर एक सप्ताह पहले पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश कुमार सिंह ने गरीबों का राशन हड़प कर राजनीति चमकाने का आरोप लगाया था। इसके चलते क्षेत्र की पूर्ति इंस्पेक्टर को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर कांठ के पूर्ति निरीक्षक को ठाकुरद्वारा भेजा गया है। योगी-मोदी रसोई का संचालन भाजपा कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त व्यापार मंडल ने भी किया है। दर्जनों व्यापारियों ने आर्थिक सहयोग किया है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार चौहान ने कहा कि क्षेत्र में योगी मोदी रसोई पूरी ईमानदारी के साथ व्यापार मंडल के सहयोग से चल रही है। उन्होंने रसोई में राशन डीलरों के शोषण के आरोप को निराधार बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग अनर्गल राजनीति कर रहे हैं। 27 मार्च से लगातार भाजपा एवं व्यापार मंडल की टीम बिना भेदभाव राशन वितरण कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए सहयोगियों की लिस्ट मौजूद है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, अखिलेश विश्नोई एवं चौधरी अवनीश कुमार ने भी योगी मादी रसोई को निष्पक्ष चलाने का दावा किया है।