केंद्रीय मंत्री नकवी और शाहनवाज हुसैन के खिलाफ फेसबुक पर की टिप्पणी
केंद्रीय मंत्री नकवी और शाहनवाज हुसैन के खिलाफ फेसबुक पर की टिप्पणी।
मुरादाबाद, जेएनएन। भाजपा के दो शीर्ष नेताओं के खिलाफ फेसबुक के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणी कर लॉकडाउन में जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। जानकारी पाकर हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने एसएसपी से शिकायत कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की माग की। कप्तान ने साइबर सेल को जाच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी से शिकायत भारतीय गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कटघर निवासी मनोज ठाकुर ने की। उन्होंने बताया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के रामपुर मंडल अध्यक्ष आदिल नकवी ने फोन करके जानकारी दी कि मुरादाबाद निवासी अयान मलिक द्वारा केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की गई है। फेसबुक खोलकर देखा तो सूचना को सही पाया। इससे हिंदू संगठनों में आक्रोश है। तत्काल एसएसपी अमित पाठक को पूरी जानकारी देते हुए कार्रवाई की माग की। पुलिस मामले की छानबीन रही है।