पूरब से चलने वाली हवा के कारण छा सकते हैं बादल, जानिए क्यों Moradabad news
दिसंबर माह के शुरू होते ही ठंड और कोहरे ने अपना रुप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह व शाम को कडी ठंड पडने शुरू हो गई हैै। हालांकि आने वाले दिनों में ठंड और बढ सकती है।
मुरादाबाद । जैसे-जैसे दिसंबर आगे बढ़ रहा है गुलाबी ठंडक भी विदा होकर तीखी सर्दी में बदलती जा रही है। शुक्रवार को ही पुरवाई हवा ने महानगर में दस्तक दे दी है, जिससे शाम को अचानक से बदलाव भी महसूस किया गया। आने वाले दिनों में यह हवा मौसम में खलल डालेगी और बादलों के साथ घने कोहरे की शुरुआत होगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक सप्ताह में पारा तेजी से नीचे गिरने की संभावना है।
एक या दो दिन छा सकते हैं बादल
शुक्रवार को आसमान साफ रहा और सूर्य देवता ने अपने दर्शन दिए, जिससे लोगों को सर्दी से तो राहत मिली। हालांकि, दोपहर बाद पुरवाई चलना शुरू हुई जो शाम तक ठंडक में बदल गई। मौसम वैज्ञानिक व जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद ने बताया हवा का पूरब दिशा से चलने का मतलब है कि एक दो दिन में बादल छा सकते हैं और आसमान में काली घटाएं छा सकती हैं। इससे पारा तेजी से नीचे गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही अधिकतम तापमान 26.2 तो न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़ेगी गलन
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में पर्वतीय इलाकों से बर्फीली हवा भी महनगर की ठंड में घुलेगी और मौसम को ठंडा करेगी। वैज्ञानिकों के अनुसार इन दिनों पारा तेजी से नीचे गिरना शुरू होगा और गलन बढ़ेगी।
जनवरी से होगा घना कोहरा
भले ही पुरवाई हवा के कारण आने वाले दिनों में कोहरे की संभावना बन रही हो लेकिन, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार कोहरा कुछ देर से पडऩा शुरू होगा। घना कोहरा दिसंबर के विदा होते-होते छाएगा इसी के साथ पारा भी तेजी से नीचे गिरेगा।