दुबई का इत्र और कपड़ा बना पहली पसंद
मुरादाबाद : मुकद्दस रमजान के शुरू में ही बाजार में हलचल बढ़ गई है। व्यापारियों ने ग्राहकों की नब्
मुरादाबाद :
मुकद्दस रमजान के शुरू में ही बाजार में हलचल बढ़ गई है। व्यापारियों ने ग्राहकों की नब्ज टटोलते हुए टोपी, कुर्ता, पायजामा, इत्र, खुशबू और ईद की खुशियों पर काम आने वाली जरूरी जिंस के आर्डर भेजना शुरू कर दिए हैं। शुरुआती दौर में कुर्ता पायजामा के कपड़े की मांग बढ़ने से बिक्री में भी इजाफा हुआ है। दुबई व सऊदी अरब की खुशबू की डिमांड ने चौंका दिया है।
ईद पर यह पहला मौका है कि रमजान शुरू होते ही कपड़े की बिक्री में इजाफा हुआ है। अब तक 15 वें रमजान के बाद कुर्ता पायजामा के कपड़े की बिक्री में इजाफा होता था। 20 वें रमजान से अन्य आवश्यकताओं के मद्दे नजर खरीदारी की जाती थी। कपड़ा बिक्रेता नजाकत अली प्रिंस रोड व भूरे भाई मकबरा रोड ने कपड़े की बिक्री में इजाफा होने की बात कही है।
.................
खजूर कम फलों की बिक्री ज्यादा-
खजूर से रोजा इफ्तार करना रसूल की सुन्नत माना जाता है। इसी बिनाह पर रमजान शुरू होते ही खजूर की बिक्री बढ़ जाती है। मुसलमान जरूरत से अधिक खजूर की खरीदारी कर घर ले जाते हैं। मेहमानवाजी में भी खजूर का तोहफा पेश किया जाता है। इस बार खजूर की बिक्री में गिरावट आई है। जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी की जा रही है। जबकि फलों की बिक्री में इजाफा हुआ है। खजूर बिक्रेता मुहम्मद सलमान कहते हैं कि इस बार खजूर की औसतन बिक्री है। फल बिक्रेता इफ्तखार हुसैन कहते हैं कि रोजे में लोगों को फल ज्यादा पसंद हैं। परफ्यूम बिक्रेता शाहनवाज हुसैन कहते हैं कि खुशबू के प्रति ग्राहकों में जागरूकता आई है।