स्कूली बच्चों की नसों में घोल रहा था नशे का जहर, गिरफ्तार
मुरादाबाद एक आरोपित स्कूली बच्चों को नशे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादाबाद। स्कूली बच्चों के नसों में नशे का जहर घोलने वाले आदर्श नगर के अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से स्मैक बरामद हुई है। आरोपित के खिलाफ उत्तराखंड में भी चोरी, लूट के 16 मुकदमे दर्ज है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करके पुलिस ने जेल भिजवा दिया है।
थाना सिविल लाइंस के प्रभारी निरीक्षक नवल मारवाह ने बताया कि फकीरपुरा चौकी इंचार्ज रविन्द्र सिंह शुक्रवार की रात्रि चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने अभियुक्त अनिल उर्फ शशिकपूर निवासी आदर्श कालोनी, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद को आदर्श कालोनी को पकड़ लिया। उसके पास से 5.23 मिली ग्राम स्मैक मिली है। आरोपित के खिलाफ यूपी के अलावा हरियाणा व उत्तराखंड में चोरी व लूट आदि के करीब 16 अभियोग पंजीकृत हैं। अनिल बेहद शातिर अपराधी है। वह स्कूली बच्चों को स्मैक बेचकर बर्बाद करने में लगा था। युवाओं में नशे की बुरी लत डालने का काम कर रहा था। कई दिन से उसके शहर में स्मैक बेचने की सूचना मिल रही थी। आरोपित स्मैक खरीदता किससे था, इसके बार में पता लगाने की कोशिश की जा रही है।