सावन के आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक को उमड़े भक्त, हॉटस्पॉट इलाकों के मंदिर बंद
शहर और देहात के इलाकों में शारीरिक दूरी के पालन के साथ भक्तों ने मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। विधि-विधान से पूजा कर मन्नत मांगी।
मुरादाबाद। मंडल के अमरोहा, रामपुर, सम्भल और मुरादाबाद में सावन के आखिरी सोमवार को शिव मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्त उमड़ पड़े। घरों में भी भक्तिभाव से भगवान शिव की आराधना की गई। शहर और देहात के मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लाइन लगी रही। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई गई थी। मंदिर की ओर से भी सेवादार लगाए गए थे। सुबह पांच से जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया था।
सावन के आखिरी सोमवार को भगवान शिव का महा अभिषेक किया गया। श्रावणी पूर्णिमा पर सोमवार का दिन शिव की पूजा करने के लिए सबसे उत्तम माना जाता है। पिछले चार सोमवार को मंदिरों में भीड़ कम थी। इस बार सोमवार को ही रक्षाबंधन का त्योहार होने की वजह से ज्यादा भीड़ नहीं दिखाई दी। पुलिस लाइन मंदिर में शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए गोले बनाए गए।बांग्ला गांव में शिव मंदिर पर इस बार भी बाहर से जलाभिषेक करने की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी ओर मनोकामना मंदिर में भी सैनिटाइजेशन मशीन लगी है। इसी से होकर भक्तों ने जलाभिषेक किया।
हॉटस्पॉट एरिया के मंदिर रहे बंद
कोरोना संक्रमण की वजह से हॉटस्पॉट घोषित चुके इलाकों में मंदिर नहीं खुले। बुधि बिहार के ऋणमुक्तेशर समेत कई मंदिर एहतियात बंद रखे गए। यहां के लोगों ने घरों में ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक भी किया। लोगों ने प्रशासन की ओर से जारी किए निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया। वहीं मंदिर समितियों ने भी गेट बंद कर रखे थे, कई जगह इससे संबंधित सूचनाएं भी चस्पा की गईं थीं।