ब्रजघाट में पुलिस की रोक के बावजूद पहुंचे श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी Amroha News
लोगों ने मां गंगे को नमन करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। अन्य जिलों के घाटों पर भी लोगों ने पुण्य लाभ कमाया और दान किया। इस दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं को रोकने का प्रयास किया।
अमरोहा,जेएनएन। ब्रजघाट में हापुड़ पुलिस की रोक टोक के बावजूद काफी श्रद्धालु गंगा घाट तक पहुंच गए और मां गंगे को नमन करते हुए आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। हालांकि तिगरी में पुलिस ने श्रद्धालुओं को नहीं पहुंचने दिया गया। कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन के चलते गंगा दशहरा पर स्नान पर भीड़ नहीं जुटने देने की हापुड पुलिस ने तैयारी की थी। अधिकारियों ने जायजा लेकर अतिरिक्त पुलिस लगाने की बात भी की थी। पुलिस आधी रात से मुस्तैद भी हो गई लेकिन श्रद्धालुओ को घाट तक पहुंचने से नहीं रोक सकी। अच्छे खासे श्रद्धालु पुलिस को गच्चा देकर ब्रजघाट में गंगातट पर पहुंचने में सफल रहे। इन श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी नियम का पालन करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। दान पुण्य भी किया। सुबह से दस बजे तक चोरी छिपे घाट तक पहुंच कर श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। हालांकि तिगरी में घाट सुने थे। ब्रजघाट के अलावा कई अन्य जिलों के घाटों पर भी कुछ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। हालांकि कोरोना के कहर के चलते पुलिस ने भीड़ न जुटने को लेकर तैयारी की थी। लेकिन श्रद्धालु पुलिस और प्रशासन को गच्चा देते हुए घाट तक पहुंच गए और स्नान किया।