दिल्ली की महिला ने मुरादाबाद पुलिस पर उठाए सवाल, बोली-धोखाधड़ी में पुलिस बना रही समझौते का दबाव
Moradabad Police दिल्ली की महिला ने सिविल लाइन पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने की बजाय समझौते का दबाव बनाने का लगाया आरोप।
मुरादाबाद, जेएनएन। दिल्ली की रहने वाली एक वृद्ध महिला ने सिविल लाइन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए एक आडियो वायरल किया है। भूमि खरीद फरोख्त के मामले में पुलिस पर नाजायज समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने कहा कि उसकी गुहार आठ माह तक अनसुनी की गई।
दिल्ली के विष्णु गार्डन की रहने वाली रेखा के मुताबिक नौ माह पहले तत्कालीन एसएसपी को तहरीर देकर उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2012 में उन्होंने एक लाख रुपये की जमीन क्रय की। महिला जब अपने प्लाट पर गई, तब पता चला कि उसके साथ छल हुआ है। छानबीन में पता चला कि प्लाट के मूल स्वामी गुलजारी लाल निवासी गुडिया मुहल्ला मुरादाबाद हैं। उन्होंने मुन्ना सिंह निवासी आजाद नगर रेलवे कालोनी के नाम मुख्त्यार नामा किया था। मुन्ना सिंह ने वह भूमि श्यामेंद्र सिंह को बैनामा कराई। बैनामे में पूर्व मालिक गुलजारी सिंह को जीवित बताया गया। जबकि, गुलजारी सिंह की मौत 26 जनवरी 2005 को हो चुकी थी। मुन्ना सिंह व श्यामेंद्र सिंह पर महिला ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी। एसएसपी ने जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया। प्रकरण में आरोपितों पर मुकदमा दर्ज करने की बजाए पुलिस समझौते के खेल में उलझ गई। महिला दोबारा एसएसपी प्रभाकर चौधरी के समक्ष पेश हुई। तब उसका मुकदमा सिविल लाइन थाने में दर्ज हुआ। महिला का आरोप है कि आरोपितों की गिरफ्तारी की बजाए पुलिस एक लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बना रही है। महिला के आरोपों के बावत थाना प्रभारी नवल मारवाहा ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।