स्वाइन फ्लू से उप निबंधक की मौत, परिजनों में कोहराम
जिले की मिलक तहसील में तैनात उप निबंधक डॉ. विवेक शुक्ला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। करीब 15 दिन से बरेली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
मिलक (रामपुर)(जेएनएन): जिले की मिलक तहसील में तैनात उप निबंधक डॉ. विवेक शुक्ला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। करीब 15 दिन से बरेली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार सुबह पांच बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. शुक्ला की करीब डेढ़ साल पहले यहां तैनाती हुई थी। उनका परिवार बरेली के करघना चौकी के पास रहता है। उनके पति शशिकांत तिवारी बरेली में ही वरदान कोचिंग सेंटर चलाते हैं।
15 दिन पहले आया था बुखार
राजस्थान के बाद अब यूपी में भी स्वाइन फ्लू दस्तक दी है। बताते हैं कि मिलक तहसील में तैनात उपनिबंधक डा.विवेक शुक्ला को करीब15 दिन पहले उन्हें बुखार आया था। पहले उन्होंने स्थानीय चिकित्सक को दिखाया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ। बाद में वह बरेली चली गईं। वहां राममूर्ति अस्पताल में दिखाया तो डॉक्टरों ने उनको भर्ती कर लिया। डॉक्टरों ने उन्हें स्वाइन फ्लू होना बताया। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
डिंपल शर्मा से बनीं डा.विवेक शुक्ला
उनकी मौत से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं कार्यालय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय अधिकारियों ने भी उनकी मौत पर अफसोस जताया। वह ईमानदार अधिकारी थी और भ्रष्टाचार के खिलाफ थीं। उनकी कार्य शैली से जनता बेहद खुश थी। उन्होंने अपने कार्यालय में नो करप्शन का बोर्ड भी लगाया था। कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर निबटाती थीं। शादी से पहले वह डिंपल शर्मा नाम लिखती थीं, लेकिन पति के कहने पर उन्होंने नाम परिवर्तन कराकर डॉ. विवेक शुक्ला रख लिया था।