अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, बाइक फूंकी Amroha News
अमरोहा जिले के देहात के गांव दरियापुर में हुई घटना। रंजिश में गांव के लोगों ने घटना को दिया अंजाम। वारदात के बाद से इलाके में सनसनी।
अमरोहा, जेएनएन। रंजिश के चलते गांव के लोगों ने ही अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें बेरहमी के साथ पीटा तथा बाइक में आग लगा दी। भीड़ को जमा होती देख हमलावर भाग गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।
यह है पूरा मामला
यह घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर की है। यहां पर मुहम्मद तैयब का परिवार रहता है। मुहम्मद तैयब अधिवक्ता हैं तथा सदर तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही है। मंगलवार शाम वह तहसील से घर पहुंचे थे। वहां पहले से ही घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अभी अधिवक्ता कुछ समझ पाते उन्हें बेरहमी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया। हमलावरों ने उनकी बाइक में भी आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक जलकर राख हो गई।
घटना से अफरातफरी
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े तो हमलावर घटना को अंजाम देकर भाग निकले। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। अधिवक्ता के परिजन भी घरों से निकल आए तथा तनाव बन गया। हालांकि उसके बाद किसी प्रकार की घटना नहीं हुई। घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। एसओ देहात अरिहंत कुमार ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद है। तहरीर मिली है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।