अमरोहा में पीएसी जवान के मकान में मिला शव, सनसनी
dead body in PAC jawan house प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजा जा रहा है। मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजाार है।
अमरोहा, जेएनएन। पीएसी जवान के मकान में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव कोराला निवासी हरिओम सिंह पीएसी में जवान हैं। उनका एक दो मंजिला मकान भानपुर रेलवे फाटक के पास बना हुआ है। इस मकान में पास के ही एक निजी अस्पताल के कुछ कर्मी किराए पर रहते हैं। शुक्रवार की दोपहर थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव बागड़पुर माफी निवासी झब्बू सिंह 32 वर्षीय पुत्र राजपाल सिंह अपने ही गांव के एंबुलेंस चालक दिनेश के साथ इस मकान में आया था। इसके बाद दिनेश राजपाल को मृत अवस्था में छोड़कर बाइक से गायब हो गया। घटना की जानकारी शाम को करीब छह बजे उस समय हुई जब इस मकान में रहने वाला अस्पताल कर्मी शिवा सैनी, चिकित्सक डॉ राम अवतार वर्मा मकान में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पहली मंजिल पर जीने के पास राजपाल मृत अवस्था में पड़ा है। उसे हिलाकर उठाने का प्रयास किया। लेकिन, कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह , एसएसआइ प्रमोद पाठक, कस्वा प्रभारी रजनीश कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी शुरू कर दी। उधर, मृतक के स्वजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद कोहराम मच गया।
पुलिस को गुमराह कर रहे अस्पताल कर्मी
पीएसी जवान के मकान में किराए पर रहने वाले दो कर्मी पुलिस को गुमराह करने में लगे रहे। उन्होंने कभी पुलिस को शव देखने की बात बताई तो कभी शव देखने से इन्कार करने लगे। एक कर्मी ने राजपाल व दिनेश को एक साथ बात करते हुए देखा भी था। लेकिन, बाद में वह भी मना करने लगा। फिलहाल पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है।
दिनेश या फिर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलेगा राज
गांव बागड़पुर निवासी राजपाल की मौत का राज या तो दिनेश उगलेगा या फिर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगा। चूंकि दिनेश उसे मृतावस्था में छोड़कर भाग गया है। इसलिए पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हालांकि पुलिस उसकी मौत शराब पीने से होने का कयास लगा रही है।