युवक की कहानी निकली झूठ, लूट के लिए नहीं मारी गई थी गोली, जानिए फिर कैसे लगी गोली
Moradabad Crime News मुगलपुरा थाना क्षेत्र निवासी युवक ने आरोप लगाया था कि रविवार रात आठ बजे उसे कटघर थाना क्षेत्र के मुस्लिम इंटर कालेज के सामने दो बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी थी। पुलिस ने दो अज्ञात हमलावराें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Crime News : मुगलपुरा थाना क्षेत्र निवासी युवक ने आरोप लगाया था कि रविवार रात आठ बजे उसे कटघर थाना क्षेत्र के मुस्लिम इंटर कालेज के सामने दो बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी थी। पुलिस ने दो अज्ञात हमलावराें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को जांच के दौरान पता चला कि युवक जिस समय घटना की जानकारी दे रहा था, उस समय वह घर पर ही मौजूद थे। पुलिस ने लूट के इरादे से गोली मारने की घटना को सिरे से खारिज कर दिया।
कटघर थाना क्षेत्र के बरवालान मनोकामना मंदिर वाली गली निवासी राहुल बीकाम फाइनल का छात्र है। उसने पुलिस को बताया था कि रविवार रात करीब आठ बजे वह ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। मुस्लिम कालेज के पास बाइक सवार दो बदमाश आ गए और तमंचा दिखाकर उसे रोकने की कोशिश की। छात्र ने बताया कि जब उसने बदमाशों रोकने पर नहीं रुका तो उन्होंने पीछे से गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर में घुटने के पीछे लगी।
रात करीब एक बजे मुगलपुरा पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच में पता चला कि घटनास्थल में उसके बताए समय के अनुसार मौजूदगी ही नहीं थी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना की पुष्टि नहीं की। वहीं, युवक के घर के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से भी घर पर मौजूदगी की पुष्टि हो रही है। आस-पास के लोगों ने उसी समय घर के अंदर गोली के चलने की आवाज भी सुनी थी। कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि उनके पास जो साक्ष्य है, इसके अनुसार गोली घर में ही चली है। युवक के डिस्चार्ज होने के बाद जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।