कोरोना ने बदला राजनीतिक ट्रेंड, अब हो रहीं वर्चुअल रैलियां
Virtual Rally प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ठाकुरद्वारा में आनलाइन रैली को संबोधित किया।
जेएनएन, मुरादाबाद। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते इन दिनों पूरे विश्व में त्राहि-त्राहि मची हुई है। हर देश इस बीमारी से जंग की माफिक लड़ाई लड़ रहा है। देश में भी ऐसे ही हालात हैं। हालांकि, इस महामारी के बीच भी सरकार धीरे-धीरे जिंदगी को पटरी पर ला रही है। आम दिनचर्या के साथ ही राजनीतिक पार्टियां भी सक्रिय हो रही हैं। अब सिर्फ ऑनलाइन बैठकें ही नहीं हो रही हैं बल्कि ऑनलाइन रैलियां भी आयोजित की जा रही हैं। ऐसी ही एक राजनीतिक रैली का आयोजन मंगलवार को ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में हुआ।
पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने की जरूरतमंदों की सेवा
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं और वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के सामने विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक महामारी में न सिर्फ केंद्र व राज्य सरकार ने बल्कि पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ने ने जरूरतमंदों और पीडि़तों की सेवा की है। मुरादाबाद के भाजपा कार्यकर्ताओं ने न केवल प्रवासी श्रमिकों बल्कि स्थानीय तौर पर प्रत्येक जरूरतमंदों को कच्चा राशन किट तथा पका भोजन बांटा। प्रदेश में लगभग चार करोड़ 18 लाख लोगों को भोजन वितरित किया गया। बताया कि प्रधानमंत्री के देश में वन नेशन वन राशन कार्ड की घोषणा से देश की लाखों जनता लाभान्वित हुई है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। छोटे उद्यमियों को एमएसएमई के अंतर्गत तीन लाख 70 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। एक करोड़ से ज्यादा लोन दिए जा चुके हैं।
प्रदेश में रिकवरी रेट 63 फीसद
वैश्विक महामारी में उत्तर प्रदेश में 32,000 संक्रमित लोगों की संख्या रही है, जिसमें से 22,000 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में संक्रमित लोगों के ठीक होने का रिकवरी रेट 63 फीसद है। अन्य प्रदेशों से आए लगभग 35 लाख कामगारों से तीस लाख की मैपिंग कर ली है। 11 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विस्तार विवाद को लेकर चीन ने लगातार विवाद पैदा किए लेकिन भारत ने उनका मुंह तोड़ जवाब दिया है। वर्चुअल रैली को पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व ठाकुरद्वारा विधानसभा के प्रभारी लोकेश प्रजापति ने भी संबोधित किया। वर्चुअल कांन्फ्रेंस भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल ङ्क्षसह चौहान की अध्यक्षता में हुई। संचालन जिला महामंत्री चंद्रपाल सिंह सैनी ने किया।