डीजल व पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी का विरोध, कांग्रेसियों ने सभी ब्लॉकों में किया प्रदर्शन
Congressmen protest डीजल व पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी का विरोध लगातार जारी है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भी प्रदर्शन किया।
रामपुर। डीजल व पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले भर में ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे। जिसमें जल्द से जल्द दाम कम किए जाने की मांग की है।
नगर के कार्यकर्ताओं ने चमरौआ ब्लॉक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर अध्यक्ष मामून शाह खां ने कहा कि सरकार ने पूरी तरह लूट मचा रखी है। जब से केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, जनता को पेट्रोल और डीजल के नाम पर लूटा जा रहा है। पूरी दुनिया में इनके दाम कम हो रहे हैं, लेकिन भारत में बढ़ाया जा रहा है। आखिर प्रधानमंत्री को इस मामले में चुप्पी तोडऩी होगी। देश को बताना होगा आखिर क्यों इस कदर दाम बढ़ाए जा रहे हैं। कहा कि सरकार द्वारा उद्योगपतियों की जेब भरने के लिए इस तरह अवैध वसूली की जा रही है। कांग्रेस इस हरकत को किसी हाल में सहन नहीं करेगी। जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस हमेशा सड़क पर उतरती आई है। जनता की आवाज को संगठन ने न कभी दबने दिया है न भविष्य में दबने देगा। जब तक पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं होते, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रईस अहमद, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नोमान खां, शारिब अली खां, दिव्यांश सिंघल, एजाज खां, सलीम अहमद व राशिद सलमानी आदि रहे।
स्वार में प्रदर्शन
ब्लॉक कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी चंद्रभान सिंह को सौपा। नगराध्यक्ष एम दानिश अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कार्यालय पर पहुंचे।ताहिर हसन खां, सतनाम सिंह, समीर अली, राशिद खां, शमशाद अंसारी, कश्मीर सिंह, राजेंद्र कुमार व अनिल सैनी आदि रहे।