अमरोहा और मुरादाबाद में मुंबई एसटीएफ की गोपनीय कार्रवाई, मुंबई से चोरी दो करोड़ का माल बरामद, भाजपा नेता फरार
Mumbai STF in Moradabad Division मुंबई में जहाज से दो करोड़ का माल चुरा लिया गया था। इसके बाद इस कंटेनर में पत्थर भर दिया गया था। सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया था। अब मामले की जांच की जा रही है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Mumbai STF in Moradabad Division। मुंबई एसटीएफ ने अमरोहा और मुरादाबाद में छापेमारी कर दो महीने पहले मुंबई से चोरी किया गया लगभग दो करोड़ का सामान बरामद कर लिया। यह सामान कंटेनर में लादकर जहाज द्वारा विदेश भेजा जाना था। चोरी के सामान को अमरोहा में एक गोदाम किराए पर लेकर उसमें छुपाया गया था। गुरुवार को एसटीएफ मुरादाबाद निवासी एक युवक को अपने साथ ले गई है। यह कार्रवाई पूरी तरह से गोपनीय रही। महकमे के आला अफसरों के अलावा चंद पुलिस कर्मियों को ही कार्रवाई की जानकारी दी गई थी।
बुधवार दोपहर मुंबई एसटीएफ की टीम मुरादाबाद पहुंची थी। कॉल डिटेल के आधार पर यहां रहने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर देर रात अमरोहा पहुंची। टीम ने जिले के आला अफसरों को इसकी जानकारी दी थी। लिहाजा चंद पुलिस कर्मियों को ही टीम के साथ सहयोग के लिए लगाया गया था। देर रात टीम ने हिरासत में लिए मुरादाबाद के व्यक्ति के बताने पर देहात थाना क्षेत्र के मुहल्ला सुबोधनगर में रहने वाले एलआइसी एजेंट के आवास पर छापा मारा। उनके मकान में बने गोदाम की तलाशी ली तो वहां से बेशकीमती चादर, बेडशीट, केमिकल, तांबा-पीतल के गिफ्ट आइटम व तेल के ड्रम बरामद कर लिए। यह कार्रवाई इतनी गोपनीय रही कि किसी को कानों-कान भनक भी न लगी। टीम ने मकान मालिक से भी पूछताछ की। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। यहां से सारा सामान डीसीएम में लाद कर टीम गुरुवार तड़के अमरोहा से रवाना हो गई। हालांकि बरामद सामान की कीमत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। परंतु बताया जा रहा है कि यह सामान दो करोड़ रुपये से अधिक की कीमत का है। इस बारे में सीओ सदर विजय कुमार राना ने बताया कि मुंबई एसटीएफ मुरादाबाद के किसी व्यक्ति को हिरासत में लेकर यहां पहुंची थी। मुहल्ला सुबोधनगर से निर्यात किया गया चोरी का सामान बरामद किया है। जिसे गुरुवार तड़के अपने साथ ले गई है।
जहाज से चोरी कर लिया गया था सामान
मुंबई एसटीएफ द्वारा अमरोहा से बरामद किया गया सामान दो महीना पहले मुंबई में जहाज से चोरी कर लिया गया था। सूत्र बताते हैं कि यह सामान जहाज के माध्यम से विदेश भेजा जाना था। सामान वाले कंटेनर के स्थान पर पत्थर से भरा कंटेनर भेज दिया गया था। इसकी रिपोर्ट संबंधित कंपनी द्वारा मुंबई में दर्ज कराई गई थी। जिसकी जांच एसटीएफ कर रही है। बताया जा रहा है कि चोरी का यह सामान ट्रेन द्वारा मुरादाबाद लाया गया था। उसके बाद अमरोहा में लाकर छुपा दिया गया था।
स्थानीय भाजपा नेता ने किराए पर दिलाया था गोदाम
मुहल्ला सुबोधनगर में एलआइसी एजेंट के मकान में बने गोदाम को लगभग डेढ़ माह पहले ही स्थानीय भाजपा नेता ने अज्ञात लोगों को किराए पर दिलाया था। किराएदार ने पहली बार में ही 20 हजार रुपये माहवार किराया देना भी मंजूर कर लिया था। 10 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे। सूत्र बताते हैं कि स्थानीय भाजपा नेता भी जिले से फरार है।