आइए, रामगंगा नदी को स्वच्छ करने के लिए बढ़ाएं कदम
रामगंगा के किनारे से गंदगी को हटाने के लिए शनिवार यानि आज सुबह साढ़े सात बजे से अभियान का शुभारंभ होगा। यह अभियान निरंतर चलेगा।
मुरादाबाद। जीवनदायिनी रामगंगा को स्वच्छ बनाने के लिए दैनिक जागरण का अभियान रामगंगा को मिले जीवनदान, आओ मिलकर करें योगदान का शनिवार यानि आज से शुभारंभ होगा। रामगंगा के तट पर लालबाग काली मंदिर से स्वच्छता अभियान की शुरुआत होगी। इसके लिए हम सबको मिलकर रामगंगा को बचाने के लिए कदम बढ़ाना होगा, नहीं तो प्रकृति का वरदान रामगंगा सिर्फ इतिहास बनकर रह जाएगी। इसके लिए रामगंगा के किनारों के आसपास रहने वालों को पहल करनी होगी। दैनिक जागरण सिर्फ माध्यम है, आपको आगे आकर इसमें भागीदारी करनी होगी। तिल-तिल मर रही रामगंगा को बचाना होगा। पहले से सभी जागरूक होते तो रामगंगा की ऐसी स्थिति नहीं होती। पशुओं का विचरण, गंदगी को नदी में डालने का पाप हम कर रहे हैं। इसका नतीजा है कि रागगंगा का पानी जहरीला हो रहा है। अब इस बुराई की जिम्मेदारी कोई अपने ऊपर लेने को तैयार नहीं। गलती होने के बाद उसे सुधारने के लिए हमें ही तैयार होना होगा। आप सभी को दैनिक जागरण के माध्यम से जीवनदायिनी रामगंगा को फिर से उसका निर्मल स्वरूप दिलाने का मौका मिल रहा है। हम सभी मिलकर इस अभियान में अपनी हिस्सेदारी निभाएं।
संवेदनशील बने हर नागरिक
महानगर की आबादी 12 लाख से अधिक है। इतनी बड़ी आबादी के नजदीक से गुजरने के दौरान नदी का प्रदूषित होना संभव है, लेकिन अगर हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी उठा ले तो नदी का स्वरूप बदल सकता है। सभी ठान लें कि नालियों में ऐसे पदार्थ नहीं फेकेंगे जो नदी में घुलकर उसके पानी को जहरीला बनाएं। पशुपालक जो नदी में गोबर और कूड़ा डालते हैं उन पर पूरी तरह से रोक लगाए जाने की जरूरत है। ई-कचरा जलाने के बाद उसकी राख को नदी और घरों में धोने पर प्रतिबंध लगे। इसी प्रकार से हवन पूजन की सामग्री नदी में डालने पर भी रोक लगे। सभी नालों का पानी बिना शोधन के नदी में न गिराया जाए। नदी में जानवरों के स्वच्छंद घूमने को बाधित करें।
आज से निरंतर चलेगा अभियान
रामगंगा के किनारे से गंदगी को हटाने के लिए शनिवार यानि आज सुबह साढ़े सात बजे से अभियान का शुभारंभ होगा। यह अभियान निरंतर चलेगा। इसमें आप सभी को भागीदारी करनी होगी। निगम की टीम जेसीबी के साथ रहेगी, इसके अलावा सैकड़ों कर्मचारी भी रहेंगे। आप भी इसमें भागीदारी करके नदी को स्वच्छ बनाने में सहयोग कर सकते हैं। आपको इसके लिए श्रमदान करना होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप