छह महीने से गंदा पानी पीने को मजबूर कालोनीवासी
जिगर कालोनी के बी-ब्लॉक में पिछले छह महीने से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर है। नगर निगम भी शिकायतों को हवा में उड़ाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है।
मुरादाबाद (जेएनएन) : जिगर कालोनी के बी-ब्लॉक में पिछले छह महीने से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर है। नगर निगम भी शिकायतों को हवा में उड़ाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है। पहले सुबह-सुबह गंदा पानी आता था, अब तो पूरे दिन गंदा पानी आ रहा है। होली के दिन गंदे पानी की वजह से लोगों को त्योहार मनाने में परेशानी का सामान करना पड़ा।
दिन भर रहे लोग परेशान
शुक्रवार को दिनभर गंदा पानी आने से कालोनी के लोग ओर भी ज्यादा परेशान हो गए। पुरानी जर्जर पाइप लाइन नालों के किनारे से गुजर रही है। जिसमें लीकेज के कारण यह समस्या और बढ़ गई है। करीब सौ से ज्यादा परिवार गंदे पानी को लेकर परेशान हैं।
कई बार की जा चुकी हैं शिकायतें
नगर निगम में शिकायत अनेकों बार की जा चुकी है। निस्तारण के नाम पर सिर्फ झांसा दिया जा रहा है। टोटी को सुबह 15 मिनट खोलने की सलाह देते-देते नगर निगम कर्मचारियों को छह महीने बीत गए, लेकिन इसका स्थाई समाधान नहीं ढूंढा। गंदे पानी से न फर्श की धुलाई हो सकती और न पीने योग्य है। क्षेत्र के सुपरवाइजर से लेकर नगर निगम कंट्रोल रूम में कई दफा शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गटर भरने से घरों में दुर्गंध
जिगर कालोनी के बी ब्लॉक में सीवर लाइन के गटर भर गए हैं। इसके चलते दुर्गंध उठ रही है। सीवर के गटर साफ करने को 26 फरवरी को शिकायत की गई लेकिन अभी तक नगर निगम की टीम साफ करने नहीं पहुंची।
ये बोले अधिकारी
जीएम जलकल एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि गंदे पानी की जानकारी नहीं है। किस कारण गंदा पानी आ रहा है, इसकी जानकारी जेई से लेकर ठीक कराया जाएगा।