मुरादाबाद मंडल में क्रिसमस की धूम, सेंटा क्लाज बांट रहे उपहार, हर तरफ खुशी का माहौल Moradabad news
मंगलवार रात 12 बजते ही गिरिजाघरों में प्रार्थना सभा से लेकर कैरल्स गीत गाए जाने लगे और प्रशु यीशु के जन्म की खुशी में केक काटा गया।
मुरादाबाद, जेएनएन। प्रशु यीशु के जन्म की खुशी में बुधवार को पूरे मंडल में धूम मची है। हर ओर हर्षोल्लास का माहौल है। मंगलवार रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं और केक काटकर जन्मदिवस सेलीब्रेट कर रहे हैं। वहीं बच्चों के प्रिय सेंटा क्लाज भी उपहार बांटते नजर आ रहे हैं। मुरादाबाद के साथ ही रामपुर अमरोहा व सम्भल में भी क्रिसमस डे धूमधाम से मनाया जा रहा है।
गिरिजाघरों में गूंजे गीत
गिरिजाघरों में प्रभु यीशु के जन्म लेने का संदेश कैरल्स गीत गाकर दिया गया। पादरियों ने प्रभु यीशु के जन्म की घटनाएं बताईं। बच्चों ने प्रभु यीशु के जन्म से जुड़ी शानदार झांकियां प्रस्तुत कीं। आज जगत में आया, मसीहा चरनी में तू..., दी आवाज फरिश्तों ने जमीं के लोगों को उतर आया जहां में आज खुदा इंसान बनके... कैरल्स गीत चर्चों में गूंजे।
बच्चों को रिझाते नजर आए सेंटा क्लाज
मुरादाबाद में पीली कोठी स्थित पुलिस मेमोरियल मेथोडिस्ट चर्च के बाहर क्रिसमस डे के मौके पर भारी भीड़ उमड़ी। सेंटा क्लाज बच्चों को रिझाते नजर आए।
सम्भल में क्रिसमस पर हुई प्रतियोगिता
वहीं सम्भल के बबराला में उड़ान एक नई पहल संस्था की ओर से क्रिसमस डे के उपलक्ष्य में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अमरोहा में रात से ही शुरू हुए बधाइयों के संदेश
अमरोहा में मंगलवार रात 12 बजते ही गिरिजाघरों में प्रार्थना सभाएं शुरू हो गईं। लोग एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई देने लगे। वहीं सुबह होते ही हर ओर खुशी का वातावरण हो गया। लोग प्रभु यीशु के जन्म की खुशी मेें डूबे दिखाई दिए।
पापों को क्षमा करने को प्रभु यीशु ने जन्म लिया
सेंट एंथोनी चर्च में झूमती है जिंदगी आज आना है मसीह...। कैरल्स गीत टीमों ने गाया तो मसीह समाज के लोगों ने भी गीत गुनगुनाया। मसीहा चरनी, चरवाहे नाचे झूम के...। कैरल्स गीत भी गाए। फादर बर्नाड ने यीशु के जन्म की विशेषता बताते हुए कहा कि प्रभु यीशु का जन्म हमारे मुक्तिदाता के रूप में पापों को क्षमा करने के लिए चरनी में जन्म लिया और दीन दुखियों का उद्धार किया। इस मौके पर वीएस लायल, जार्ज चरन, जूही, अनिल, मोरिस माइकिल, क्रिस्टोफर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।