आपके घर के बाहर लगी चिप बताएगी कितने दिन उठा कूड़ा, नगर निगम की ये है तैयारी
Chips outside the house मुरादाबाद में घर-घर से कूड़ा कलेक्शन में लगाातर लापरवाही बरती जा रही है। आए दिन इसकी शिकायतें भी पहुंचती रहती हैं। अब नगर निगम ने इस समस्या के निजात के लिए नया तरीका खोज निकाला है।
मुरादाबाद। Chips outside the house। डोर-टू-डोर कूड़ा उठने में लगातार शिकायतें आने के बाद नगर निगम ने नया फार्मूला तैयार किया है। गुजरात के सूरत के अलावा चंडीगड़, आंवला की तर्ज पर नगर निगम हर घर के बाहर चिप लगाने जा रहा है। कूड़ा उठाने आने वाले कर्मचारी को बायोमैट्रिक सिस्टम की तर्ज पर हर घर के बाहर लगी चिप से टच करना होगा। इससे यह पता लग जाएगा कि वह कितने दिन कूड़ा लेने के लिए आपके दरवाजे पर पहुंचा है।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के दौरान यह शिकायत मिल रही हैं कि कर्मचारी उनके यहां नहीं आता। वह पूरे महीने का रुपया लेने के लिए आ जाता है। कर्मचारियों की शिकायत यह है कि कूड़ा देने के बाद भी लोग उन्हें भुगतान नहीं कर रहे हैं। इन शिकायतों को दूर करने के लिए हमने चिप सिस्टम की व्यवस्था करने की तैयारी कर ली है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। हर घर के बाहर चिप लगवाएंगे। इससे कोई झूठ नहीं बोल पाएगा। इससे कूड़ा उठाने की व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। यह भी पता लग पाएगा कि कितने दिन कूड़ा उठाने वाले आपके घर आया है।
मुरादाबाद में कूड़ा कलेक्शन की बनी रहती है समस्या
पूरे शहर में कुछ वार्डों को छोड़कर अन्य में समय से कूड़ा उठाने कर्मचारी नहीं जाते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर तो प्राइवेट लोग ही कूड़ा उड़ाते हैं, वहां नगर निगम के कर्मचारी जाते ही नहीं हैं। समय से कूड़े का उठान नहीं हो पाने से खाली प्लाट ही कूड़ाघर बन जाते हैं। कई जगहों पर सड़कों पर कूुड़े के ढेर लग जाते हैं। नगर निगम की ओर से लोगों को जागरूक भी किया जाता है लेकिन कर्मचारी के न पहुंचने पर लोग कूड़ा इधर-उधर फेंक देते हैं। लावारिस जानवर पूरे दिन इनमें मुंह मारते रहते हैं।