By-election in Amroha : उपचुनाव की वोटिंग के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना
By-election in Amroha अमरोहा की नौगावां सादात विधानसभा सीट के लिए कल मतदान होना है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गईं हैं। सोमवार को पोलिंग पार्टियों को भी रवाना कर दिया गया। इससे पूर्व उन्हें कई जानकारियां दी गईं।
अमरोहा, जेएनएन। By-election in Amroha। नौगावां विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने के लिए आज मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया। यह पार्टियां कल विस क्षेत्र में मतदान कराएंगी। शाम को ईवीएम वापस मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखेंगी। रवानगी से पूर्व पोलिंग टीमों को अफसरों ने संबोधित किया और सावधानी बरतने की हिदायत दी। ड्यूटी कार्ड और मतदान केंद्रों के बारे में बताया गया।
सोमवार की सुबह नौ बजे से ही मंडी समिति परिसर में पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सेक्टर मजिस्टे्रट व माइक्रो आब्जर्वर भी पहुंच गए। इसके बाद पोलिंग टीमों को जिलाधिकारी उमेश मिश्र व पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन ताडा ने बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं व मतदान संबंधी जानकारियां देने का कार्य शुरू कर दिया। वाहनों को भी मंडी समिति स्थल पर ही लाइनवार खड़ा कराया गया। इन्हीं वाहनों में बैठकर पोलिंग टीमों को रवाना किया गया। टीमों को मास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सुबह सात बजे से ही मतदान कार्य शुरू होगा।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता
उपचुनाव को लेकर वैसे तो पहले से ही तैयारियां चल रहीं थीं लेकिन मतदान को लेकर शहर की चौकसी और बढ़ा दी गई है। कई बैरियर लगाए गए हैं, यहां आने और जाने वालों की चेकिंग की जा रही है। संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अलग-अलग जगहों पर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई गई है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे दिन दौरा करते रहेंगे।