रामपुर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति समेत चार पर मुकदमा
Murder for dowry दहेज को लेकर विवाहिताओं का उत्पीड़न और हत्या के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला रामपुर का है। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
रामपुर। Murder for dowry। पटवाई थाना क्षेत्र के हाजी नगर गांव में ससुरालियों ने दहेज की खातिर विवाहिता को मार डाला। पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाजी नगर गांव के आलिम पुत्र लतीफ की शादी मिलक खानम थाना क्षेत्र के ग्राम जट निवासी आसमा पुत्री रहीस अहमद के साथ पांच साल पहले हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया गया था। आरोप है कि ससुराली दहेज से खुश नहीं थे। वे दहेज में कूलर, फ्रिज, बाइक आदि की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित करने लगे। शनिवार रात को भी उसके साथ मारपीट की। रविवार सुबह उसकी तबीयत खराब हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर स्वजन आ गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पिता का कहना था कि उनकी बेटी की जहर देकर हत्या की गई है। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। थाना प्रभारी अमरीश कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से उसके पति समेत
चार ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में खुलेगी पोल
इस घटना की सच्चाई तक जाने के लिए पुलिस कई लाइनों पर काम कर रही है। पुलिस ने स्वजनों से तो जानकारी जुटाई ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। काफी हद तक पुलिस की जांच इसकी रिपोर्ट पर ही निर्भर करेगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।