माध्यमिक शिक्षा परिषद को नहीं पता कब है पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती
माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के प्रधानाचार्य भ्रमित रहे कि पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयंती किस दिन मनाई जाए।
मुरादाबाद (तेज प्रकाश सैनी)। माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के प्रधानाचार्य भ्रमित रहे कि अखिल भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती किस दिन मनाई जाए। इस साल पहली बार स्कूल-कालेजों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जा रही है। पहली ही बार में परिषद द्वारा जारी कैलेंडर में इनकी जन्मतिथि को गलत अंकित कर दिया गया। माध्यमिक शिक्षा के शैक्षिक कैलेंडर में 24 सितंबर को जयंती मनाने का उल्लेख
शिक्षा परिषद से जारी शैक्षिक कैलेंडर में अखिल भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती 24 सितंबर को होने का उल्लेख किया है जबकि उनके जीवन परिचय में जन्मतिथि 25 सितंबर है। विरोधाभास के चलते प्रधानाचार्य ने डीआइओएस कार्यालय में संपर्क किया। दिन में कोई संशोधित निर्देश नहीं मिला जिससे प्रधानाचार्य दुविधा में रहे कि किस दिन जयंती मनाई जाए। प्रदेश स्तर पर शैक्षिक कैलेंडर 2018-19 जारी करने से पहले कई स्तर पर चेक किया जाता है। इसके बाद भी यह भूल हो गई। इसके बाद अब शैक्षिक कैलेंडर जारी करने पर भी सवाल उठ रहे हैं कि एक महापुरुष की जयंती को सही ढंग से अंकित नहीं किया गया। डीआइओएस ने जारी किया 25 सितंबर को मनाने का निर्देश रविवार की देर शाम वाट्स एप पर स्कूलों के ग्रुप में 25 सितंबर को जयंती मनाने के निर्देश डीआइओएस द्वारा जारी किए गए। अंबिका प्रसाद इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ.मनोज कुमार ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 24 सितंबर को मनाएं या 25 सितंबर को, इस संबंध में रविवार को दिन में कोई निर्देश नहीं मिले थे। रविवार की देर शाम स्पष्ट हुआ कि 25 सितंबर को जयंती मनाएं। चित्रगुप्त कालेज के प्रधानाचार्य एनपी सिंह ने बताया कि शैक्षिक कैलेंडर में 24 सितंबर को जयंती मनाने का उल्लेख है। इस संबंध में मार्गदर्शन के लिए डीआइओएस कार्यालय से संपर्क करने पर पता चला कि 25 सितंबर को जयंती मनाई जाएगी। डीआइओएस प्रदीप द्विवेदी ने कहा शैक्षिक कैलेंडर में भूलवश अंकित हो गया होगा। जयंती 25 सितंबर को है और उसी दिन स्कूलों में जयंती मनाने का संशोधित निर्देश जारी कर दिया गया है।