Rampur Loksabha By-election Result 2022: रामपुर में भगवा परचम, सपा को हराकर भाजपा के घनश्याम लोधी बने सांसद
लोकसभा उप चुनाव के लिए मंडी समिति में रविवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत में 18 राउंड तक सपा प्रत्याशी आसिम राजा आगे रहे लेकिन 19 राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी आगे हो गए। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ता ही गया।
रामपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा उप चुनाव में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी सांसद बन गए। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के करीबी आसिम राजा को 42192 मतों से पराजित किया। घनश्याम सिंह लोधी को 367397 वोट मिले, जबकि आसिम राजा को 325205 मत प्राप्त हुए। 33 राउंड चली मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी की जीत हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने नवनिर्वाचित सांसद घनश्याम सिंह लोधी को जीत का प्रमाण पत्र भी दे दिया।
लोकसभा उप चुनाव के लिए मंडी समिति में रविवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत में 18 राउंड तक सपा प्रत्याशी आसिम राजा आगे रहे, लेकिन 19 राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी आगे हो गए। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ता ही गया। आखिरी 33वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी जीत गए। इसके अलावा संयुक्त समाजवादी दल के हरी प्रकाश आर्य को 4130 वोट, निर्दलीय प्रत्याशी इम्तियाज उर रहमान खां को 1254, निर्दलीय प्रत्याशी कपिल मुनि को 2707 और निर्दलीय शिव प्रसाद को 1881 वोट मिले। भाजपा और सपा प्रत्याशी को छोड़ दें तो अन्य चार प्रत्याशियों से ज्यादा वोट नोटा को मिले हैं। 4457 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मंडी समिति के सभी गेटों पर पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए। बिना पास के किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। सुरक्षा कर्मी तलाशी के बाद ही मतगणना एजेंट को अंदर जाने दे रहे थे। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति नहीं बनी।