गजरौला थाने में भाजपाइयों का हंगामा, युवक को पीटा Amroha News
अमरोहा जिले के गजरौला में विवाद में भाजपाइयों ने एक युवक को पीट दिया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपितों को लॉकअप में बंद कर दिया। थाने के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
अमरोहा, जेएनएन। जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में खुलेआम भाजपाइयों ने एक युवक को पीट दिया। युवक को पीटता देख मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने भाजपाइयों पर सख्ती करते हुए उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया। इससे काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
यह है पूरा मामला
गांव वारसाबाद निवासी प्रमोद कुमार भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनका गांव नगला निवासी अंशु से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले रमाबाई डिग्री कॉलेज के सामने दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसके बाद अंशु मौके से फरार हो गया। इस दौरान पहुंचे अंशु के भाई कोशिंदर को प्रमोद व उसके अन्य साथियों ने पकड़ लिया और मारपीट करते हुए थाने ले आए। भाजपाइयों ने कोशिंदर को पुलिस की मौजूदगी में ही पीटना शुरू कर दिया। इस पर एक दारोगा सहित चार पांच पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर भाजपाइयों के साथ सख्ती से पेश आते हुए उन्हें भी लॉकअप में बंद कर दिया। इससे काफी देर तक थाने में हंगामा होता रहा। मामले की जानकारी मिलते ही ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र उर्फ लालू भी थाने में पहुंच गए।
भाजपा के कार्यकर्ता अनुशासित रहते हैं। जिन्होंने भी ऐसा कृत्य किया है। वे भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं। उनका पार्टी से कोई नाता नहीं है।
ओमप्रकाश गोला, जिलाध्यक्ष भाजपा, अमरोहा