Move to Jagran APP

राशन धांधली पर भाजपा की किरकिरी, प्रदेश नेतृत्व ने भी साधी चुप्पी Moradabad News

पूर्व सांसद की शिकायत को डीएसओ की जांच रिपोर्ट में किया खारिज। शिकायत के आधार पर डीएम ने जांच के दिये थे आदेश।

By Narendra KumarEdited By: Published: Fri, 01 May 2020 12:05 PM (IST)Updated: Fri, 01 May 2020 12:10 PM (IST)
राशन धांधली पर भाजपा की किरकिरी, प्रदेश नेतृत्व ने भी साधी चुप्पी  Moradabad News
राशन धांधली पर भाजपा की किरकिरी, प्रदेश नेतृत्व ने भी साधी चुप्पी Moradabad News

मुरादाबाद, जेएनएन। लॉकडाउन में जरूरतमंदों की मदद कर रहे भाजपाइयों के राशन और भोजन वितरण पर पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह द्वारा आरोप लगाये जाने के बाद जनता के बीच भाजपा नेताओं की बड़ी किरकिरी हो रही है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व इस मामले पर कुछ भी बताने को तैयार नहीं है,नेतृत्व के सभी नेता बस यह कह रहे हैं कि अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। शहर से गांव तक मोदी-योगी रसोई चलाने के साथ ही राशन वितरण में लगे भाजपाई इस मामले के बाद कटघरे में खड़े नजर आ रहे हैं।

loksabha election banner

जरूरतमंदों तक भोजन और राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालने वाले भाजपाइयों का भोजन वितरण संदेह के घेरे में आ गया है। पूर्व सांसद का आरोप है कि गरीबों को बांटने के लिए जो राशन आता है, उसी को भाजपा के कई नेता और पदाधिकारी मोदी-योगी रसोई में प्रयोग कर रहे हैं। इस आरोप के बाद जनपद के साथ ही सूबे की राजनीति में भूचाल आ गया था। आनन-फानन में डीएम राकेश कुमार सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए थे,लेकिन पूर्व सांसद ने जो शिकायत की थी उसे डीएसओ की जांच रिपोर्ट में नकार दिया गया। नेता सवालों से बच रहे हैं तो संगठन के पदाधिकारी इस मामले में सफाई देने के लिए जगह-जगह घूम रहे हैं। जो किरकिरी इस मामले से हुई है,ऐसे में प्रदेश नेतृत्व खामोशी से सभी पक्षों को देखकर एक्शन लेने के मूड में नजर आ रहा है।

शिकायत मेरे संज्ञान में नहीं 

राशन धांधली की शिकायत मेरे संज्ञान में नहीं है। मोदी-योगी रसोई में भाजपा कार्यकर्ता राशन की व्यवस्था कर रहे हैं। पूर्व सांसद का फोन आया था। इस मामले में कोई बात नहीं हुई। कोई शिकायत मिलेगी तो जांच करके कार्रवाई तय की जाएगी।

स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

पूरे मनोयोग से काम कर रहे कार्यकर्ता 

भाजपा कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से काम कर रहे हैं। राशन में धांधली अगर हुई है तो प्रशासन को निष्पक्षता से जांच कराकर कार्रवाई करनी चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप के कारण जनता के बीच अच्छा संदेश नहीं जा रहा है,इस प्रकरण से पार्टी की छवि खराब हुई है।

-भूपेंद्र सिंह, पंचायती राज मंत्री, प्रदेश सरकार।

जुटाए जा रहे हैं तथ्य 

राशन धांधली की बहुत जानकारी नहीं है, कहीं से पता चला है लेकिन क्या मामला है, इसकी पूरी जानकारी नहीं हैं। तथ्य जुटाए जा रहे हैं, कुछ पता चलेगा तो बताया जाएगा। अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

-सुनील बंसल, प्रदेश संगठन महामंत्री भाजपा

जानकारी किसी ने नहीं दी 

राशन धांधली में क्या हुआ है, इसकी जानकारी किसी ने नहीं दी है। कहीं से शिकायत नहीं मिली है, ऐसे में किसकी जांच कराएं। मोदी-योगी रसोई में कार्यकर्ताओं के परिश्रम की बदौलत भोजन तैयार हो रहा है।

-विजय बहादुर पाठक, संगठन मंत्री एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी, भाजपा

आरोप हैं बेबुनियाद

पूर्व सांसद द्वारा जो भी आरोप लगाए गए हैं, वे बेबुनियाद हैं। किसी भी राशन डीलर से किसी कार्यकर्ता ने राशन नहीं मंगवाया। कुछ लोग पार्टी की छवि को खराब करने में लगे हैं, प्रदेश नेतृत्व को इसकी जानकारी दी गई है। अब प्रदेश नेतृत्व को ही इस मामले में उचित निर्णय लेगा।

-राजपाल सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा

मुख्यमंत्री से शिकायत की थी

मुख्यमंत्री से फोन पर बात करके शिकायत की थी कि कुछ भाजपा के नेता गरीबों के हिस्से का राशन डीलरों के यहां से मंगाकर मोदी-योगी रसोई में प्रयोग कर रहे हैं। डीएसओ की जांच रिपोर्ट संतोषजनक नहीं है। मेरे पास कई राशन डीलरों ने लिखित में शिकायत की, इसके बाद मुख्यमंत्री से शिकायत की गई।

-सर्वेश सिंह, पूर्व सांसद

जांच कराई जा चुकी है

पूर्व सांसद की शिकायत पर जांच कराई जा चुकी है, अनियमितता नहीं मिली है। सभी राशन डीलरों को निर्देश दिया गया है कि वे राशन कार्ड धारकों को पूरा राशन दें। ई-पॉश मशीन के साथ नोडल अधिकारियों की निगरानी में राशन का वितरण किया गया है।

-राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.