रामपुर में बाइक सवार बदमाशों ने माॅर्निंग वॉक के लिए निकली महिला के कुंडल खींचे
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिन निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। पति के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला के कुंडल खींच लिए और फरार हो गए।
रामपुर: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिन निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। पति के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला के कुंडल खींच लिए और फरार हो गए।
बाइक से उतरकर खींचे महिला के कुंडल
लूट की घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। नूरमहल कालोनी निवासी जगन्नाथ टंडन स्टेट बैंक से रिटायर हैं। वह यहां पत्नी मीना टंडन के साथ रहते हैं। सुबह पति-पत्नी रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले। दोनों सेंट जोसफ अस्पताल के पास पहुंचे। तभी पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आए। पीछे बैठा बदमाश नीचे उतर गया और बुजुर्ग महिला के दोनों कानों के कुंडल खींच लिए। इससे उनकी चीख निकल गई। बुजुर्ग दंपती ने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह भागकर बाइक पर बैठ गया।
तलाशने के बाद भी नहीं मिले
दोनों बदमाश भाग गए। तब तक से गुजर रहे लोग आ गए। महिला के कानों से खून निकल रहा था। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप