Bhai Dooj 2020 : रामपुर के बिलासपुर में नैनीताल रोड पर लगा जाम, बहनें रहीं परेशान
Bhai Dooj 2020 भैया दूज पर रामपुर के बिलासपुर में नैनीताल रोड पर जाम लगा रहा। इससे वाहनों की कतारें लग रहीं। इससे लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
रामपुर, जेएनएन। भैया दूज पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के चलते बिलासपुर में नैनीताल रोड पर जाम लग गया। भाइयों को तिलक करने जा रही महिलाएं भी जाम में फंस गई। इसके चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर वाहनों को गुजारा।
सोमवार को भैया दूज के पर्व पर सवेरे हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते भीषण जाम लग गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम के चलते बाइक चालक तो क्या पैदल यात्रियों का भी निकलना दूभर हो गया। भाई का तिलक करने जा रही बाइक सवार महिला शकुंतला देवी और सुशीला आदि कई महिलाएं जाम में फंस गई। महिलाओं सहित यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही रामपुर-नैनीताल हाईवे, माटखेड़ा मार्ग, पुरानी तहसील रोड, सब्जी मंडी मार्ग, सिनेमा रोड, कैनाल मार्ग, पोस्ट ऑफिस मार्ग, केमरी तिराहा, अहरो तिराहा सहित आदि मार्गोंं पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस को जाम खुलवाने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर वाहनों को गुजारा गया। दोपहर तक वाहनों का रेंग रेंगकर गुजरने का क्रम जारी है।वाहनों की कतार दूर-दूर तक लगी हुई थी। जाम की वजह से पैदल चलने वालों को भी बहुत परेशानी हुई।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार यादव के मुताबिक भैया दूज के पर्व पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण तथा चालकों की लापरवाही के चलते जाम लग गया हैं। बताया कि जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है, जो जाम को खुलवा रहे हैंं।