विधायक के बेटे की फीस भरने के नाम पर ठगी की कोशिश Moradabad News
विधायक ने एसएसपी को दी साइबर जालसाजों के करतूत की जानकारी । साइबर जालसाजों तक पहुंचने की कोशिश में सक्रिय हुई पुलिस की क्राइम ब्रांच ।
मुरादाबाद,जेएनएन। शहर विधायक के नाम पर साइबर जालसाजों ने उनके करीबियों को ठगने की कोशिश की है। इसकी भनक लगते ही विधायक ने घटनाक्रम की जानकारी एसएसपी अमित पाठक को दी। बताया कि आइडी व मोबाइल नंबर हैक करने वाले साइबर जालसाज करीबियों व शुभचिंतकों को चूना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर क्राइम ब्रंाच की टीम जालसाजों तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है।
शहर विधायक रीतेश गुप्ता के मुताबिक साइबर जालसाजों ने उनका वाट्सएप मोबाइल नंबर हैक कर लिया। इसके बाद वाट्सएप के जरिए करीबियों व शुभचिंतकों से धन उगाही का खेल उन्होंने शुरू किया। सिटी विधायक के पुत्र की स्कूल फीस भरने के एवज में 26,664 रुपये खाते में डालने को कहा। भलिंद्रपाल सिंह नामक जालसाज ने खाता नंबर भी उपलब्ध कराया। जालसाजों की हरकत संदिग्ध लगते ही करीबियों ने शहर विधायक को घटना की जानकारी दी। तब उन्होंने एसएसपी अमित पाठक से संपर्क साधा। घटना क्रम से अवगत कराते हुए विधायक ने जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बावत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विधायक रीतेश गुप्ता की सूचना पर साइबर सेल व क्राइम ब्रांच को जालसाजों का पता लगाने को कहा गया है। जल्द ही जालसाज कानून की गिरफ्त में होंगे।