यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संभल में महिला के मतांतरण की कोशिश, विरोध करने पर धार्मिक चित्र फाड़ने का आरोप
Religious Conversion in Sambhal उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के नखासा थानाक्षेत्र के ग्राम सिरसा नाल में हिंदू महिला का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, संभल। Religious Conversion in Sambhal : उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के नखासा थानाक्षेत्र के ग्राम सिरसा नाल में हिंदू महिला का जबरन मतांतरण करने की कोशिश की गई। इसाई धर्म की दो सिस्टर गांव में जाकर उस पर मतांतरण का दबाव डाल रही थीं। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने धार्मिक चित्रों को फाड़कर जला दिया। गंगा जल भी फेंकने की कोशिश की, जिसको किसी तरह बचा लिया।
पति ईसाई और पत्नी हिंदू है
उधर मामले ने तूल पकड़ा और गांव में भाजपा सहित हिंदू संगठन के लोग पहुंच गए। मौके पर पुलिस भी पहुंची और महिला से पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। महिला का पति इसाई है और उसे पत्नी के हिंदू धर्म में रहने में कोई आपत्ति नहीं है। उसने भी दोनों सिस्टर का विरोध दर्ज कराया है।
गांव के लोग विलियम का करते हैं विरोध
गांव सिरसा नाल निवासी विलियम ने हिंदू समाज की महिला सुनीता से शादी की है। दोनों हंसी खुशी रहते हैं। विलियम की ईसाई संप्रदाय में आस्था है तो महिला हिंदू देवी देवताओं की पूजा अर्चना करती है। गांव में ही स्थित एक धार्मिक स्थल के लोग विलियम का विरोध करते हैं। इनका एक स्कूल भी चलता है।
ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया
स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका बुधवार की रात विलियम के घर गई और उसकी पत्नी को हिंदू से इसाई बनने के लिए बोला। महिला ने मना कर दिया। यहां विवाद हो गया। आरोप है कि उस शिक्षिका ने धार्मिक तस्वीर वाले पोस्टरों को जला दिया। रात में गांव के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कर दिया लेकिन गुरुवार को दोपहर में महिला ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
गांव में पुलिस बल किया गया तैनात
जानकारी मिलने पर भाजपा नेता हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी करने के बाद पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने की बजाय मामले को रफा-दफा करने के प्रयास में जुटी हुई है।
ग्रामीण धार्मिक स्थल में जमा हो गए। थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह पंवार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गांव में पुलिस बल की तैनाती है। तनाव जैसी कोई बात नहीं है।
एक को पुलिस ने हिरासत में लिया
पोस्टरों को जलाने के बाद हिंदू समाज के लोग धार्मिक परिसर में एकत्र हुए। यहां इसाई सम्प्रदाय के एक युवक ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इससे हिंदू समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने उस युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
