Assembly Election 2022 : कांग्रेस रामपुर की सभी सीटों पर मजबूती के साथ लड़ेगी चुनाव, लखनऊ पहुंचे पूर्व मंत्री नवेद मियां
पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में रामपुर में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रामपुर में मिशन 2022 को लेकर रणनीति बनाई गई।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में रामपुर में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने अपने बेटे नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमज़ा मियां के साथ लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से मुलाकात की।
राजधानी स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रामपुर में मिशन 2022 को लेकर रणनीति बनाई गई। शहर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नवेद मियां और स्वार से पार्टी टिकट के मजबूत दावेदार नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की लंबी चर्चा हुई। इस दौरान वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी मौजूद रहे। नेताओं ने रामपुर जिले के राजनीतिक समीकरणों और पार्टी की भूमिका पर चिंता की है। इस बैठक में यह तय किया गया है कि कांग्रेस रामपुर की सभी सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। प्रत्याशी भी जल्द घोषित होंगे और कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प बनेगी। प्रियंका गांधी की सक्रियता से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी के नेतृत्व मे लड़ा जाएगा। पिछले चार वर्षों में केवल कांग्रेस ने ही आम जनता की लड़ाई लड़ी है। पीआरओ काशिफ खां ने बताया कि नवेद मियां और हमजा मियां लखनऊ में हैं और राज्यपाल से भी मिलेंगे।