नकारात्मक शक्तियों पर विजय के लिए क्वार्टर गार्ड में शस्त्र पूजन
दशहरा के मौके पर रविवार को पुलिस लाइन परिसर में उच्चाधिकारियों ने यज्ञ किया।
मुरादाबाद,जासं : दशहरा के मौके पर रविवार को पुलिस लाइन परिसर में उच्चाधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से शस्त्र पूजन किया।
पुलिस लाइन परिसर स्थित क्वार्टर गार्ड में एसपी आरए विद्या सागर मिश्र व एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने शक्ति के प्रतीक शस्त्रों का पूजन किया। पूजन अर्चन सुबह दस बजे से शुरू होकर साढ़े 11 बजे तक चला। इस अवसर पर अधिकारी परंपरागत परिधान में नजर आए।
एसपी आरए ने बताया कि पुलिस महकमे में विजयादशमी के मौके पर शस्त्र पूजन की परंपरा रही है। शस्त्र शक्ति का प्रतीक हैं। जिसके पास शक्ति है, वही किसी की मदद कर सकता है। शस्त्र पूजन का एक मात्र उद्देश्य खुद के भीतर सकारात्मक शक्तियों का विकास कराना है। भगवान राम के पदचिह्नों पर चलते हुए यूपी पुलिस भी दुष्टों का दमन कर साधु व सज्जन लोगों की रक्षा करती है। क्वार्टर गार्ड में रखे इंसास, एसएलआर, एके 47, कार्बाइन, एलएमजी, पिस्टल व रिवाल्वर का पूजन-अर्चन किया गया। इस मौके पर आरआइ इंद्रवीर सिंह समेत दर्जनों पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।