सशस्त्र बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये का सामान लूटा Amroha news
गजरौला के गांव शहबाजपुर डोर में हथियारबंद बदमाशों में धावा बोलकर एक परिवार को बंधक बना लिया।
अमरोहा: पुलिस की तमाम सक्रियता के बावजूद गजरौला के गांव शहबाजपुर डोर में हथियारबंद बदमाशों में धावा बोलकर एक परिवार को बंधक बना लिया। हथियारों के बल पर वे नकदी समेत करीब दो लाख रुपये का सामान लूट ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस बदमाशों की छानबीन में जुट गई। नेशनल हाईवे से सटे शहबाजपुर डोर गांव में ब्रह्म सिंह और उसके भाई कुंवर पाल सिंह का मकान है। रात करीब 3: 30 बजे हथियारबंद बदमाश कुंवर पाल सिंह की छत से ब्रह्मपाल सिंह के मकान में घुस आए। असलहों के बल पर सोते परिजनों को जगाकर एक कमरे में बंद कर दिया और लूटपाट शुरू कर दी। नकदी समेत करीब दो लाख का माल बटोर कर बदमाश फरार हो गए। उनके जाने के बाद गृह स्वामी ने शोर मचा कर अपने भाई को जगाया। उसने ही बंद परिजनों को बाहर निकाला। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंच गई। परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस बदमाशों को तलाशने निकली। हालांकि सुबह होने तक पुलिस किसी बदमाश का पता लगाने में नाकाम रही। दिन निकलते ही घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पीडि़त के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गृह स्वामी बृजघाट में टोल पर नौकरी करता है।