आजम के करीबी पूर्व सीओ सिटी आले हसन पर एक और मुकदमा दर्ज Rampur News
पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा का कहना है कि घटना पुरानी है। पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूर्व सीओ सिटी आले हसन खान के खिलाफ अब तक 39 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
रामपुर। सांसद आजम खां के करीबी पूर्व सीओ सिटी आले हसन खान और मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस के एक दारोगा और सी एडं डीएस के इंजीनियर को भी नामजद किया है।
डूंगरपुर के अबरार हुसैन ने गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि छह दिसंबर, 2016 को तत्कालीन सीओ सिटी आले हसन खान, ठेकेदार बरकत अली, दारोगा फिरोज खान और सी एंड डीएस के इंजीनियर परवेज आलम उसके घर में घुस आए। फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। घर में तोड़-फोड़ की और जेवरात लूट लिए। इसके बाद घर पर बुलडोजर चलवा दिया। पुलिस ने चारों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इससे पहले 28 मुकदमे जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जमीन कब्जाने के आरोप में अजीम नगर थाने में दर्ज हुए हैं, जबकि 11 मुकदमे गंज थाने में लोगों के घर तोडऩे और लूटपाट करने के आरोप में दर्ज कराए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उनका लुक आउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है।