आम के पेड़ के नीचे मिला अज्ञात शव, बाइक भी क्षतिग्रस्त, हत्या की आशंका
Amroha Gajraula UP Crime अमरोहा के गजरौला में आम के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मौके से ही एक क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस अभी तक शव का शिनाख्त नहीं करा पाई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। Amroha Gajraula UP Crime। अमरोहा के गजरौला के गांव सलेमपुर गोसाई स्थित आम के पेड़ के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
शनिवार की सुबह करीब आठ बजे गांव सलेमपुर से भारापुर की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित रानी सरला के खेत में आम के पेड़ के नीचे तकरीबन 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी तब हुई जब गांव के लोग उस रास्ते से होते हुए शौच के लिए जा रहे थे। कुछ देर बाद गांव के अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। पहले 112 डायल पुलिस पहुंची और उसके बाद फिर निरीक्षक आरपी शर्मा मौके पर पहुंच गए। आसपास के ग्रामीणों को शव दिखाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन कोई भी पहचानने में सफल नहीं हो पाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। मृत मिले व्यक्ति की हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
पहली प्राथमिकता शव का शिनाख्त
पुलिस की पहली प्राथमिकता शव की शिनाख्त कराने की हैैै। इसके लिए पुलिस पूरा जोर लगा रही है, आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।