Amroha Crime News : अमरोहा में दिनदहाड़े रिटायर दारोगा के घर के ताले तोड़कर आठ लाख की चोरी
Amroha Crime News बेखौफ चोरों ने गजरौला में भी चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां पर दिनदहाड़े हाईवे किनारे स्थित मोहल्ला नाईपुरा में रिटायर दारोगा के मकान के ताले तोड़कर 15 तोले सोने के आभूषण समेत लगभग आठ लाख रुपये का माल साफ कर दिया।
मुरादाबाद, जेएनएन। Amroha Crime News : बेखौफ चोरों ने गजरौला में भी चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां पर दिनदहाड़े हाईवे किनारे स्थित मोहल्ला नाईपुरा में रिटायर दारोगा के मकान के ताले तोड़कर 15 तोले सोने के आभूषण समेत लगभग आठ लाख रुपये का माल साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही होश उड़ गए। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। औद्योगिक पुलिस चौकी क्षेत्र के इस मुहल्ला में सिद्धार्थ इंटर कॉलेज के बराबर में रिटायर दारोगा स्वर्गीय चरण सिंह का मकान है। उनका एक पुत्र जोगिंदर सरकारी शिक्षक है। जो, एटा में तैनात है।
उनकी पत्नी भी उन्हीं के साथ रहती हैं। दूसरा पुत्र पुष्पेंद्र मंडी धनौरा मार्ग पर स्थित गांव फतेहपुर में आईटीआई कॉलेज में अनुदेशक है। घर पर सिर्फ पुष्पेंद्र सिंह ही रहते हैं। रोजाना की तरह सोमवार को पुष्पेंद्र सिंह घर के ताले लगाकर सुबह साढ़े नौ बजे कॉलेज गए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कॉलेज से वापस घर लौटे तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर देखा तो दोनों कमरे खुले हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
यह नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास में जानकारी की तो काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।कुछ देर बाद 112 डायल व औद्योगिक चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मकान स्वामी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी भाभी के लगभग 15 तोले सोना व कुछ चांदी के आभूषण अलमारी में रखे थे। इसके अलावा 10 से 15 हजार की नकदी भी। चोर सारा सामान समेट कर ले गए। लगभग आठ लाख का सामान चोरी होने की बात कही गई। प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक ने बताया कि घटना संज्ञान में आई। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।