मुरादाबाद, जागरण ऑनलाइन टीम। मुरादाबाद में एक शादी समारोह में पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जमकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बेईमान पार्टी है। मैनपुरी लोकसभा चुनाव में भी अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर सपा को चुनाव हराने की साजिश रची जा रही थी, लेकिन वहां की जनता ने यह तय कर लिया था कि वोट डालने के लिए हर हाल में निकलना है चाहे जान क्यों ना चली जाए।

अखिलेश को आजम खां ने बीच में टोका

मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने आगे कहा कि रामपुर के लोग भी यदि इसी तरह तय कर लेते तो यहां भी समाजवादी पार्टी की जीत होती। इस पर आजम खान बीच में बोल पड़े। आजम खान ने कहा कि ऐसा नहीं है। हमने रामपुर में लोगों की जान बचाई है।

आजम ने आगे कहा कि मैनपुरी में गोली नहीं चलती। यहां पुलिस प्रशासन गोली चलवाने पर आमादा हो जाता है। बता दें कि रामपुर में हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। आजम खान की कोर्ट ने विधायकी की सदस्यता खत्म कर दी थी। इसके बाद रामपुर में उपचुनाव हुआ था। बता दें कि भाजपा के आकाश सक्सेना ने समाजवादी पार्टी के आसिफ राजा को हरा कर उस सीट पर भाजपा का झंडा फहरा दिया था जहां मुसलमानों की आबादी ज्यादा है। 

एक अधिकारी मेरा फोन नहीं उठा रहा है : अखिलेश

कन्नौज में एक घटना हुई लेकिन न्याय नहीं मिल सका। अधिकारी समय से कार्रवाई कर देते तो न्याय मिल सकता था। उन्होंने कहा कि आज सुबह जब मैं घर से निकल रहा था। एक पीड़ित परिवार मेरे पास आया। उन्होंने बताया कि सपा के पूर्व प्रत्याशी रहे नेता को पुलिस ने उठा लिया है। मैं बरेली में घर से निकलने के बाद से अब तक वहां के अधिकारी को फोन कर रहा हूं लेकिन, अभी तक फोन नहीं उठा है। लोकतंत्र में यह सब ठीक नहीं है। अफसरों को जनता के हितों के लिए काम करना चाहिए न्याय करना चाहिए।

Edited By: Mohammed Ammar