UP Panchayat Chunav 2021 : लडडू और रसगुल्लेे के बाद अब मतदाताओं को परोसी जा रही इमरती, सम्भल में पुलिस ने 20 किलो इमरती जब्त करके दावेदार के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
UP Panchayat Chunav 2021 पंचायत चुनाव जैसे जैसे करीब आ रहा है मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए संभावित दावेदार हर जोर आजमाइश में जुटे है। जो जैसे मान जाए उसे उसी तरह मनाने का दौर जारी है। गांव की दावतें परवान चढ रही हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन।UP Panchayat Chunav 2021 : पंचायत चुनाव जैसे जैसे करीब आ रहा है मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए संभावित दावेदार हर जोर आजमाइश में जुटे है। जो जैसे मान जाए उसे उसी तरह मनाने का दौर जारी है। अभी मतदान में समय है लेकिन गांव की दावतें परवान चढ रही हैं। अमरोहा में रसगुल्ले ने ऐसा माहौल बनाया कि पड़ोसी जनपद सम्भल में यह ट्रेंड अब गांव गांव चल पड़ा है। ताजा मामला सम्भल के नखासा थानाक्षेत्र के ग्राम पोटा बराही का है जहां नेताजी इमरती बांटने में लगे थे। प्रतिद्वंदी ने पुलिस बुला ली और 20 किलो इमरती थाने पहुंच गई। उधर पुलिस भी ऐसे मामलों से परेशान है। दो दिन पहले सम्भल के हयातनगर स्थित कैली पतरासी में सवा दो कुंटल गुलाब जामुन मिला तो इसे नष्ट करने का आदेश बुधवार को मिला। ऐसे मामलों में बरामदगी के बाद सामान को नष्ट करना भी पुलिस के लिए चुनौती ही बन रहा है।इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि पोटा बराही में प्रधान पद के संभावित दावेदार फुरकान ने यह दावत दी थी। इसमें काफी संख्या में लोग जुटे थे। इमरती बांटी जा रही थी। सूचना पर जब पुलिस टीम पहुंची तो वहां प्लास्टिक की कुर्सियों पर लोगों को बैठाकर इमरती दी जा रही थी। पुलिस काे देख लोग भाग गए लेकिन दो लोगों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बीस किलो इमरती बरामद कर ली गई है। देर रात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।