सम्भल में उग्र आंदोलन, सपा जिलाध्यक्ष को घर में नजरबंद किया Sambhal news
समाजवादी पार्टी के कलेक्ट्रेट पर आंदोलन की घोषणा के बाद जिला प्रशासन सुबह से ही अलर्ट हो गया था।
सम्भल: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर उठी आंदोलन की चिंगारी ने सम्भल को भी छू लिया है। गुरुवार को अचानक से आंदोलन के तहत हजारों युवा सड़क पर निकल गए। सरायतरीन के इन युवकों को रोकने के लिए पुलिस ने सरायतरीन, चौधरी सराय पुलिस चौकी पर बैरियर लगाए लेकिन, पुलिस की संख्या कम होने के कारण युवाओं ने न केवल बैरियर तोड़ दिया बल्कि पुलिस को धक्का देकर शहर की ओर बढ़ गए।
शहर में दहशत का माहौल
शहर में दहशत का माहौल बन गया और स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए जनपद की फोर्स के साथ ही पीएसी जवानों को आनन फानन में सम्भल मूव करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के साथ ही सभी प्रमख मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह से रूक गया है। वाहन जहां-तहां खड़े करा दिए गए है। बाजार की दुकानें भी बंद हो गई हैं।
सपा जिलाध्यक्ष को घर में किया नजर बंद
समाजवादी पार्टी की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। जिले में निषेधाज्ञा लागू है। समाजवादी पार्टी की ओर से गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर आंदोलन की घोषणा के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन सुबह से ही एक्टिव मूड में दिखाई दिया। सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान के सरायतरीन स्थित आवास पर सुबह ही हयातनगर पुलिस पहुंच गई और उन्हें उन्हीं के आवास में ही नजरबंद कर दिया गया। कुछ ही देर में सीओ केके सरोज भी मौके पर पहुंच गए। आंदोलन के चलते प्रशासन की ओर से नगर के बाहर की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग भी की जा रही थी।