आजम खां के खिलाफ अफवाह उड़ाने वालों पर होगी कार्रवाई, रिपोर्ट दर्ज कराने को दी तहरीर
Rampur politics news समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने सांसद आजम खां के खिलाफ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने सांसद आजम खां के खिलाफ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिलाध्यक्ष ने कहा है कि 11 मई को इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोगों ने सांसद आजम खां के बारे में गलत अफवाह उड़ाई। कहा कि आजम खां नहीं रहे और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की हालत नाजुक है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के लोगों ने हंगामा किया है। यह सब झूठी बातें हैं। आजम खां मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती हैं और उनकी स्वास्थ्य के बारे में अस्पताल की ओर से लगातार बुलेटिन जारी किया जा रहा है। अब्दुल्ला आजम की हालत भी ठीक है। उन्होंने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सपा कार्यकर्ता मायूस
आजम की तबीयत को लेकर जिले के सपा कार्यकर्ता फिक्रमंद नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ता आजम के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे हैं। जब से सांसद की तबीयत खराब हुई है तब से वे पल-पल के अपडेट पर नजर रख रहे हैं। पदाधिकारी भी लखनऊ से अपडेट लेकर उसे कार्यकर्ताओं तक पहुंचा रहे हैं। बैठकों के जरिए भी आजम की सलामती की दुआ की जा रही है। इससे पूर्व सांसद आजम खां की पत्नी शहर विधायक डॉ तजीन फात्मा ने भी अफवाह फैलाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने साफ कह दिया था कि ऐसा करने वालों पर कार्रवाई कराई जाएगी। इसी का नतीजा रहा कि जिलाध्यक्ष की ओर से मामले में तहरीर दे दी गई है।