सांसद आजम के एक और करीबी पर कार्रवाई, पूर्व पालिकाध्यक्ष के घर का सामान उठा ले गई पुलिस
रामपुर में आसरा कालोनी में तोड़फोड़ के आरोपित पूर्व पालिकाध्यक्ष पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कुर्की नोटिस का समय पूरा होने पर पुलिस उनके घर का सामान उठा ले गई।
रामपुर, जेएनएन। डूंगरपुर बस्ती में मकान तोड़ने और लूटपाट करने के मुकदमों में फरार चल रहे पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां के घर पहुंचकर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने घर में रखा सारा सामान जब्त कर लिया है। गंज कोतवाली पुलिस रविवार दोपहर करीब 12 बजे पूर्व पालिकाध्यक्ष के मुहल्ला कटरा जलाल़ुद्दीन स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस ने उनके आवास पर एक माह पहले अदालत की ओर से जारी कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। इस दौरान उन्हें कोर्ट में हाजिर होने का समय दिया था, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इस पर पुलिस पूर्व पालिकाध्यक्ष के घर में रखा सामान ट्रैक्टर ट्रालियों में लादकर थाने ले आई। पुलिस ने घर में रखे फि्रज, बर्तन, पंखे आदि कोई सामान नहीं छोड़ा। इस दौरान मुहल्ले मेें भीड़ लग गई। बता दें कि वर्तमान में अजहर खां की पत्नी फात्मा अजहर पालिकाध्यक्ष हैं।
इस मामले में हुई कुर्की
सपा शासनकाल में पुलिस लाइन के पास स्थित डूंगरपुर बस्ती में आसरा कालोनी का निर्माण कराया गया था। तब सांसद आजम खां कैबिनेट मंत्री थे। आसरा कालोनी जहां बनाई गई, वहां पहले से कई लोगों के मकान बने हुए थे। इन मकानों को तोड़ दिया था। जिनके मकान तोड़े गए, उन लोगों ने गंज कोतवाली में 10 मुकदमे दर्ज कराए थे। इन मुकदमों में पूर्व पालिकाध्यक्ष समेत सांसद के अन्य समर्थकों को नामजद किया गया था। मुकदमों में मारपीट, फायरिग, लूटपाट, तोड़फोड़ और छेड़छाड़ के भी आरोप लगाए गए। पूर्व पालिकाध्यक्ष इन मुकदमों में फरार चल रहे थे। कोर्ट ने उनके गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। वारंट के बाद भी हाजिर न होने पर अदालत ने उनके घर की कुर्की के आदेश दिए थे। गंज कोतवाल रामवीर सिंह यादव ने बताया कि कुर्की नोटिस का समय पूरा होने तक पूर्व पालिकाध्यक्ष कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इस पर उनके घर का सामान जब्त कर लिया है।