यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Accident During Fireworks : गेट पर खड़ी किशोरी के मुंह पर गिरा राकेट, जा सकती है आंख की रोशनी
Accident During Fireworks आरोप है कि युवक ने जान कर इस तरह का कृत्य किया है। पीड़ित पक्ष के लोगों ...और पढ़ें

मुरादाबाद, संवाद सहयोगी। Accident During Fireworks : अमरोहा के गजरौला में गांव सलेमपुर गोसाई में गेट पर खड़ी एक किशोरी के मुंह पर जलता हुआ राकेट गिर गया। आरोप है कि युवक ने जान कर इस तरह का कृत्य किया है। पीड़ित पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर देकर आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना चार नवंबर यानी दीवाली की रात की है।
गांव निवासी राजपाल की पुत्री बबीता अपने घर के गेट पर खड़ी थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला मोनू पुत्र हरपाल आतिशबाजी छोड़ रहा था। आरोप है कि मोनू ने एक राकेट जानकर बबीता की तरफ छोड़ दिया। वह राकेट बबीता की आंख पर जाकर फूट गया। इससे बबीता की आंख सूज गई। उस दौरान गांव के लोगों ने पंचायत कर मामला निपटा दिया और आरोपित युवक के स्वजन द्वारा किशोरी का इलाज कराने की बात कही। इसके बाद अब आरोपित युवक के स्वजन द्वारा किशोरी का इलाज नहीं कराया जा रहा है। जबकि किशोरी की आंख की रोशनी जाने का खतरा बना हुआ है। इस क्रम में शनिवार को पीड़ित किशोरी को लेकर स्वजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
