अमरोहा में हाईटेंशन लाइन से टच होने पर ताजिये में लगी आग
अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में कर्बला जाते समय ताजिया हाइटेंशन लाइन से छू जाने के कारण ताजिये में आग लग गई। करंट लगने से 16 लोग झुलस गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मुरादाबाद (जेएनएन)। अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में कर्बला जाते समय ताजिया हाइटेंशन लाइन से छू जाने के कारण ताजिये में आग लग गई और करंट लगने से गांव के 16 लोग झुलस गए।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई तथा ताजियेदारों में आक्रोश देखा गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच की हालत नाजुक होने पर मेरठ रेफर किया गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली व क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने अस्पताल आकर घायलों का हाल जाना। साथ ही एडीएम, एएसपी, एसडीएम व सीओ भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
ऐसे हुई घटना
घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कनपुरा की है। दस मुहर्रम को क्षेत्र के गांव असगरीपुर के लोग ताजिया लेकर कनपुरा स्थित कर्बला जा रहे थे। 25 फीट ऊंचा ताजिया ट्रैक्टर-ट्राली पर रखा था। परंपरागत रास्ते के ऊपर हाइटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। ताजिये के उपर लाऊड स्पीकर रखा था। साढ़े तीन बजे जब अजादार ताजिया लेकर लाइन के नीचे से निकले तो लाऊड स्पीकर के माध्यम से करंट ताजिये में उतर गया। तेज धमाके के साथ ताजिये में आग लग गई तथा आसपास चल रहे अजादारों को करंट लग गया। करंट लगने से 16 युवक झुलस गए। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी के माहौल में सभी झुलसे लोगों को वाहनों में डालकर पहले तो जोया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह लोग हुए हैं घायल
घायलों में इस्तेकार, मोहम्मद आकिब, मोहम्मद कैश, वसीम, हारिस, साकिब, साहिर खान, समीर, जुनैद, जैद, सुहेल, मोहम्मद अयान, मोहम्मद जैद, फैजान, इशरत व नाजिम सभी निवासी गांव असगरीपुर शामिल हैं। इनमें छह लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
देखते ही देखते गांव हो गया खाली
ताजिये में करंट उतरने की घटना के बाद जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची तो कोहराम मच गया। देखते ही देखते गांव खाली हो गया तथा लोग घायलों को देखने के लिए अस्पताल पहुंच गए। लगभग साढ़े तीन बजे गांव के लोगों के साथ कनपुरा में हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। जिसने भी घटना के बारे में सुना वह पहले तो घटना स्थल पर तथा बाद में अस्पताल की तरफ दौड़ पड़ा। सारे गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते सारा गांव खाली हो गया। महिलाएं भी अस्पताल पहुंच गई थी। घटना के बाद सभी दहशत में थे। घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के गांव के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। सभी लोग पीडि़त परिजनों को सांत्वना दे रहे थे।