Coronavirus : रामपुर में अब तक 113 कोरोना पॉजिटिव, अहमदाबाद से लौटे छह मजदूर और संक्रमित Rampur News
रामपुर जिले में अब तक 113 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। एक की मौत हो चुकी है जबकि 33 ठीक होकर घर जा चुके हैं।
रामपुर,जेएनएन। जिले में छह और कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये सभी अहमदाबाद से लौटे मजदूर हैं। सभी को जौहर यूनिवर्सिटी के अस्पताल में कवारंटाइन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को 109 लोगों की रिपोर्ट मिली है। इसमें 103 निगेटिव हैं, जबकि छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मिले चार मरीज शहजादनगर थाना क्षेत्र के चमरौवा गांव के हैं। एक इसी थाना क्षेत्र के अहमदनगर तराना गांव का है, जबकि एक पहले से हॉट स्पॉट टांडा का है। गौरतलब है कि जिले में अब तक 113 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। एक की मौत हो चुकी है, जबकि 33 ठीक होकर घर जा चुके हैं।
इससे पूर्व, गुरुवार को भी 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। ये सभी अहमदाबाद से लौटे मजदूर हैं। इनमें दो टांडा और एक भोट थाना क्षेत्र का है, जबकि सात शहर के विभिन्न मुहल्लों के रहने वाले हैं। शहर में इतनी संख्या में कोरोना के मरीज मिलने से लोग दहशत में आ गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार को मिली सेंपल रिपोर्ट में 10 नए पॉजीटिव केस मिले हैं। पहले से संक्रमित चार मरीजों के रिपीट सेंपल भी पॉजीटिव आए हैं। इसके अलावा 87 रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। पॉजीटिव मिले 10 नए मरीज अहमदाबाद से लौटने वाले मजदूर हैं। इनमें टांडा के तार का मझरा, टांडा के ही मुहल्ला रांड, भोट के खौदपुरा गांव, शहर के मुहल्ला अल्ला अट्टा नूर, बाजोड़ी टोला और पहाड़ी गेट मस्जिद झब्बू खां का एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। इसके अलावा चार मरीज गंज थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज रोड के हैं। इनमें ज्यादातर पहले से जौहर यूनिवॢसटी के अस्पताल में क्वारंटाइन थे। बाकी का पता किया जा रहा है कि वे होम क्वारंटाइन हैं या फिर आश्रय स्थलों में हैं। सभी को यूनिवॢसटी के अस्पताल में ही भेजा जाएगा।