विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर के जमुआरी गांव में हाइवोल्टेज करंट दौड़ने से कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान जले, मोबाइल फटने से युवक की मौत

Published: Sat, 12 Sep 2026 08:55 AM (IST)

मीरजापुर के जमुआरी गांव में हाइवोल्टेज करंट दौड़ने से कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। चार्जिंग से मोबाइल निकालते समय 25 वर्षीय अंकित सरोज की मौत हो गई।

मृतक अंकित सरोज, फाइल फोटो और कछवां के जमुहारी गांव में हाईवोल्टेज से जला मोबाइल

मृतक अंकित सरोज, फाइल फोटो और कछवां के जमुहारी गांव में हाईवोल्टेज से जला मोबाइल

HighLights

  1. जमुआरी गांव में हाइवोल्टेज करंट से इलेक्ट्रॉनिक सामान जले।

  2. चार्जिंग से मोबाइल निकालते समय युवक अंकित सरोज की मौत।

  3. बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। कछवां क्षेत्र के जमुआरी गांव में शुक्रवार को हाइवोल्टेज करंट दौड़ने से कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। वहीं चार्जिंग में लगे मोबाइल निकालने समय फोन फटने से गांव के 25 वर्षीय अंकित सरोज की मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। गांव के लाेगों ने बिजली विभाग की लापरवाही से घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

बताया गया कि जमुआरी गांव में दोपहर बाद 11 हजार वोल्टेज का तार घरेलू तार पर टूटकर गिर जाने से लोगों के घरों में हाइवाेल्टेज करंट दौड़ने लगा। गांव के श्रषि यादव, लाला यादव, रामजी व अंकित सरोज सहित अन्य लोगों के घर में लगा पंखा, इंडक्शन चूल्हा सहित अन्य इलेक्ट्रानिक सामान जल गया है।

बोर्ड से धुआं निकलने पर गांव निवासी अंकित सरोज चार्जिंग में लगे मोबाइल को निकलने लगा। इसी बीच उसका फोन अचानक फट गया और वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे अंकित को स्वजन स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। चौकी प्रभारी भैंसा सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगे, लेकिन स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। जिसके बाद उसका पंचनामा करके स्वजन को सौंप दिया गया।

मृतक के चाचा कोटेदार रामजी ने बताया हाइवोल्टेज करंट दौड़ने से उनका टीबी, फ्रीज, आदि इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया । बताया कि मेरे भतीजे अंकित ने छह माह पूर्व सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा था। वहीं चला रहा था।

बोर्ड से धुआं निकलने पर जैसे मोबाइल फोन निकालने का प्रयास किया तो करंट की चपेट में आ गया। अंकित सहजानंद डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ अपने परिवार की उम्मीदों का सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार के साथ ही गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

गांव में चार बार घटना हो चुकी फिर भी नहीं चेत रहा विभाग

जमुआरी गांव के लोगों ने बताया कि इस तरह की घटना कई बार हो चुकी है। बिजली विभाग के अधिकारी लापरवाही बरतते है। अब तक चार बार घटना यहां हो चुकी है। जिसमें चार लोगों व कुछ पशुओं की भी मौत हो चुकी है। बिजली विभाग के कर्मचारी लापरवाही बरतते हैं। जिसके करण हादसा होता है। बताया किया गया अंकित की शादी लग चुकी है। वह घर का इकलौता पुत्र था। परिवार के लिए यह कितना बड़ा सदमा है।

कछवां के जमुआरी गांव मे हाइवोल्टेज करंट दौड़ने की जानकारी नहीं है। इस तरह की घटना हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी।

                                                                         लोकेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य अभियंता विंध्याचल मंडल